*पांढुर्णा हलचल न्यूज़ संवाददाता मनोज सातपुते पांढुर्णा*

पांढुर्णा मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित “जल गंगा संवर्धन अभियान” के द्वितीय चरण के अंतर्गत गंगा दशहरा पर्व के अवसर पर विकासखंड पांढुर्णा में 25 मई 2026 ग्राम पंचायत खेड़ीकला के ग्राम खेड़ी पंडेवार में भव्य एवं गरिमामयी “गंगा दशहरा उत्सव” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों में जल संरक्षण, जल संवर्धन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से जल स्रोतों के संरक्षण का संदेश देना रहा।
*दीप प्रज्वलन एवं कन्या पूजन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ*
कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यसभा सांसद श्रीमती माया सिंह नारोलिया द्वारा दीप प्रज्वलन एवं कन्या पूजन के साथ किया गया। इसके पश्चात उपस्थित अतिथियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
*जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का दिया गया संदेश*
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद पंचायत सीईओ श्री विनय प्रकाश ठाकुर ने जल गंगा संवर्धन अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए आगे आएं और अभियान को जन आंदोलन का रूप दें।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने ग्रामीणों को जल संरक्षण की आवश्यकता एवं उसके दूरगामी लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इसके लिए सामूहिक प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने ग्रामीणों से वर्षा जल संरक्षण, पारंपरिक जल स्रोतों के पुनर्जीवन एवं जल के विवेकपूर्ण उपयोग का संकल्प लेने का आह्वान किया।
*जल संरक्षण को भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता सांसद श्रीमती माया सिंह नारोलिया*
राज्यसभा सांसद श्रीमती माया सिंह नारोलिया ने भी अपने संबोधन में जल संरक्षण को भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता बताते हुए सभी से जल बचाने एवं प्राकृतिक जल स्रोतों को संरक्षित रखने का संदेश दिया।
*ग्रामीणों ने श्रमदान एवं अर्थदान के माध्यम से दिखाई सहभागिता*
कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम खेड़ी पंडेवार में तालाब गहरीकरण का कार्य ग्राम पंचायत एवं ग्रामीणों के सहयोग से किया जा रहा है। ग्रामीणों ने स्वयं प्रेरित होकर श्रमदान एवं अर्थदान करते हुए अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। ग्रामीणों का उद्देश्य आने वाले वर्षों में गांव को जल संकट से सुरक्षित रखना एवं जल उपलब्धता सुनिश्चित करना है। इस दौरान ग्रामीण आदिवासी समाज विकास संस्थान के कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान कर जल संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। कार्यक्रम के माध्यम से सामुदायिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण देखने को मिला।
*जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही सक्रिय सहभागिता*
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री नीलमणि अग्निहोत्री, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लता बाई तुमडाम, वाटर हीरो जल पहरी श्री नीरज वानखेड़े सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। साथ ही जन अभियान परिषद के ब्लॉक समन्वयक श्री दिलीप आठनेरे एवं उनकी पूरी टीम ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई।
गंगा दशहरा उत्सव के माध्यम से ग्रामीणों तक जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं सामुदायिक सहभागिता का प्रभावी संदेश पहुंचाया गया तथा जल स्रोतों के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया गया।









