*पांढुर्णा हलचल न्यूज़ संवाददाता मनोज सातपुते पांढुर्णा पांढुर्णा*
( आपके आस पास क्षेत्र खबरें एवं विज्ञापन प्रकाशित करने हेतु संपर्क करें.6262250843 )

पांढुर्णा जिले तहसील सौसर नगर की प्रतिभाशाली बेटी कु.अदिति राजेश डवले ने शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अदिति ने ओरिएंटल यूनिवर्सिटी, इंदौर में एमएससी (फोरेंसिक साइंस) की परीक्षा में विश्वविद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से सौसर नगर सहित पूरे पांढुर्णा जिले में हर्ष और गौरव का वातावरण है।
अदिति सौसर निवासी श्री राजेश डवले एवं श्रीमती प्रेमलता डवले की सुपुत्री तथा श्री निलेश डवले की भतीजी हैं। उन्होंने अपनी मेहनत, लगन, निरंतर अध्ययन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि ने परिवार का मान बढ़ाने के साथ ही क्षेत्र की अन्य प्रतिभाओं के लिए भी प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है।
*अदिति की सफलता पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय :संदीप मोहोड*
अदिति डवले की इस शानदार उपलब्धि पर भारतीय जनता पार्टी जिला पांढुर्णा के जिलाध्यक्ष श्री संदीप मोहोड ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि सौसर की बेटी अदिति ने फोरेंसिक साइंस जैसे महत्वपूर्ण विषय में विश्वविद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल हासिल किया है। यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और गौरव की बात है।
श्री मोहोड ने कहा कि किसी भी विद्यार्थी की सफलता के पीछे उसकी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और परिवार एवं शिक्षकों का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। अदिति ने अपनी उपलब्धि से यह सिद्ध किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास के माध्यम से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। उनकी सफलता क्षेत्र की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है तथा उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्री मोहोड ने अदिति के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वह आगे भी अपनी प्रतिभा और परिश्रम के बल पर सफलता की नई ऊंचाइयां प्राप्त करेंगी तथा अपने परिवार, सौसर नगर और पांढुर्णा जिले का नाम रोशन करती रहेंगी।






