*पांढुर्ना हलचल न्यूज़ संवाददाता मनोज सातपुते पांढुर्णा*
पांढुर्णा शहर के शिवाजी वार्ड क्रमांक 11 में पिछले कई महीनों से बिजली आपूर्ति की समस्या गंभीर बनी हुई है। क्षेत्रवासियों ने बिजली विभाग को शिकायत पत्र सौंपकर लो वोल्टेज, बार-बार बिजली ट्रिप होने और अनियमित बिजली आपूर्ति को लेकर तत्काल समस्या के समाधान की मांग उठाई।
शिवाजी वार्ड पार्षद मदन भांगे अपने साथ वार्डवासियों को बिजली कार्यालय पहुंचे ज्ञानेश्वर घाटोड़े, देवानंद मानेकर, मोरेश्वर मानेकर, युगल मानेकर, मंजूषा खुबालकर, निकिता बांदरे आदि वार्डवासियों ने शिकायत में बताया कि वार्ड में बिजली सप्लाई लगातार बाधित हो रही है। सप्ताह में दो से तीन बार बिजली ट्रिप हो जाती है, जिससे कई घरों में घंटों तक बिजली गुल रहती है। लोगों का कहना है कि अनेक बार शिकायत करने के बावजूद विभाग द्वारा समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। रात के समय क्षेत्र में वोल्टेज केवल 155 से 165 वोल्ट तक रह जाता है। कम वोल्टेज के कारण पंखे, कूलर, मोटर, मशीनें और अन्य विद्युत उपकरण ठीक प्रकार से कार्य नहीं कर पा रहे हैं। इससे घरेलू कामकाज के साथ-साथ व्यवसायिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि लो वोल्टेज की वजह से इलेक्ट्राॅनिक व इलेक्ट्रीक उपकरण खराब होने का खतरा लगातार बना हुआ है। गर्मी के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है, क्योंकि पंखे और कूलर पर्याप्त गति से नहीं चल पा रहे हैं। वार्डवासियों ने बिजली विभाग से मांग की है कि वार्ड में नियमित और पर्याप्त वोल्टेज के साथ बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और ट्रिपिंग की समस्या का जल्द से जल्द स्थायी समाधान किया जाए।
शिकायत के बाद बिजली विभाग के अधिकारियों ने वार्डवासियों को बताया कि लोड बढ़ने से ट्रिपिंग होने की बात कही। जिसके लिए केबल व ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की बात कही। जिसके बाद वार्ड पार्षद व वार्डवासियों ने नपाध्यक्ष संदीप घाटोड़े से चर्चा कर समस्या के समाधान के हल की गुहार लगाई। नपाध्यक्ष ने इसके लिए आवश्यक स्टीमेट तैयार कराकर नगर पालिका के माध्यम से संबंधित कार्य कराने का आश्वासन दिया।









