पांढुर्णा हलचल न्यूज़ संवाददाता मनोज सातपुते पांढुर्णा*
पांढुर्णा जिला कलेक्टर कार्यालय में बुधवार 27 मई 2026 को कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में आगामी ईद पर्व के शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर शांति समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभा कक्ष, पांढुर्णा में आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री प्रकाश चंद्र परिहार, एसडीएम पांढुर्णा श्रीमती अलका एक्का, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री राजकुमार ईवनाती सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जिले के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने ईद पर्व के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देशित किया कि ईद पर्व के अवसर पर शहर में साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
*अपशिष्ट प्रबंधन एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर*
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि पर्व के दौरान अपशिष्ट पदार्थों को खुले में अथवा किसी भी नदी एवं जल स्रोत में प्रवाहित न किया जाए। उन्होंने कुर्बानी संबंधी कार्यक्रम निर्धारित एवं उपयुक्त बड़े स्थान पर आयोजित किए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि अवशेषों का वैज्ञानिक एवं सुरक्षित निस्तारण किया जाए। इसके लिए बड़े गड्ढों के माध्यम से अवशेषों को सुरक्षित रूप से नष्ट करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में उपस्थित नागरिकों एवं शांति समिति के सदस्यों से अपील की गई कि ईद पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक गतिविधियों अथवा शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले कार्यों से दूर रहें। सभी से पर्व को आपसी भाईचारे, सौहार्द्र, सामाजिक समरसता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई।









