*पांढुर्णा हलचल न्यूज़ संवाददाता मनोज सातपुते पांढुर्णा*

पांढुर्णा 21 जून 2026 रविवार को 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन लक्ष्मी स्मृति भवन, पांढुर्णा में किया गया। प्रभारी जिला कलेक्टर श्री अग्रिम कुमार के निर्देशानुसार आयुष अधिकारी श्रीमती प्रमिला यावतकर के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, योग प्रशिक्षकों, एनसीसी कैडेट्स, विद्यार्थियों, योगा छात्रों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता करते हुए योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद पांढुर्णा के अध्यक्ष श्री संदीप घाटोडे उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों में श्री महेंद्र घोड़े सभापति, श्री उमेश यूरकुडे सभापति, श्री यादवराव डोबले पार्षद, श्री प्रदीप कामदार पार्षद, श्री प्रकाशचंद्र छगानी नगर मंडल अध्यक्ष तथा श्री बापू गायधने मनोनीत पार्षद सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों में श्रीमती अलका एक्का अनुविभागीय अधिकारी पांढुर्णा, श्री विनयप्रकाश ठाकुर प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पांढुर्णा, श्री विवेक बेलिया प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर पालिका पांढुर्णा, श्रीमती अश्विनी गोहिया नायब तहसीलदार, श्री हरिभाऊ हांडे बीईओ, श्री मोरेश्वर ब्रम्हे बीआरसी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। आयुष विभाग (ब्लॉक पांढुर्णा) की ओर से डॉ. अर्चना ढोबाले, डॉ. सचिन खंडार, डॉ. रेखा राउत, डॉ. वैदेही पुरी, डॉ. नवज्योति बोरकर, श्री देवीदास राउत, श्री हीरामन गायकवाड़ एवं सुश्री कंचना मोहने ने सहभागिता की।
जिला स्तरीय आयोजन में आयुष विभाग, नगर पालिका परिषद, जनपद पंचायत एवं एसडीएम कार्यालय सहित विभिन्न विभागों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थितजनों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया तथा योग के विभिन्न आसनों एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षक सुश्री नेहा बागड़े द्वारा उपस्थित 250 प्रतिभागियों को योगाभ्यास कराया गया, जबकि योग प्रशिक्षक श्री योगेश दुफारे ने भी कार्यक्रम में सहयोग प्रदान किया।
मुख्य अतिथि श्री संदीप घाटोडे ने उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए योग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है। उन्होंने सभी से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान माननीय प्रधानमंत्री के कोलकाता से प्रसारित लाइव योग दिवस कार्यक्रम का प्रोजेक्टर के माध्यम से सामूहिक अवलोकन किया गया। वहीं योग शिक्षकों द्वारा योग के लाभों एवं उसके नियमित अभ्यास से होने वाले सकारात्मक प्रभावों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम का मंच संचालन श्री नारायण कलभूत द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य जनसामान्य में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ एवं निरोगी जीवन के लिए योग को जन-जन तक पहुंचाना रहा।









