*पांढुर्णा हलचल न्यूज़ संवाददाता मनोज सातपुते पांढुर्णा*
( आपके आस पास क्षेत्र खबरें एवं विज्ञापन प्रकाशित करने हेतु संपर्क करें. 62622508437


पांढुर्णा शहर के तीन शेर चैक स्थित बीएसएनएल कार्यालय के पीछे लगे मोबाईल टावर पर सोमवार शाम चढ़ा व्यक्ति लगातार दो दिन तक वहीं डटा रहा। पुलिस, प्रशासन और रेस्क्यू टीम की सतर्कता, धैर्य और सूझबूझ से बुधवार शाम उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। करीब दो घंटे तक चले अभियान की सफलता के बाद अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस लीं। जांच में सामने आया कि व्यक्ति की पहचान पश्चिम बंगाल के वेस्ट मिदनापुर जिले के असकोला गांव निवासी अंबुज दिगर के रूप में हुई। सोमवार शाम करीब 5.30 बजे अंबुज दिगर मोबाइल टावर पर चढ़ गया था। इसके बाद उसने नीचे उतरने से इनकार कर दिया। मंगलवार और बुधवार तक वह टावर के ऊपरी हिस्से में बैठा रहा। इस दौरान पुलिस और प्रशासन लगातार उसे सुरक्षित नीचे लाने के प्रयास करते रहे, लेकिन वह किसी की बात मानने को तैयार नहीं हुआ। बुधवार को प्रशासन ने आधुनिक तकनीक का सहारा लेते हुए छिंदवाड़ा से विशेषज्ञ टीम बुलवाई। ड्रोन कैमरे की मदद से टावर के ऊपरी हिस्से की निगरानी की गई। ड्रोन से मिली तस्वीरों और वीडियो के आधार पर स्थिति और गतिविधियां देखी। मंगलवार को प्रशिक्षित युवा राजाबाबू चैधरी टावर पर चढ़कर अंबुज दिगर से बातचीत करने पहुंचे थे, लेकिन वह नीचे उतरने के लिए तैयार नहीं हुआ। बुधवार दोपहर करीब चार बजे दोबारा अभियान शुरू किया गया। लगभग दो घंटे तक लगातार समझाइश, धैर्य और सावधानी के साथ किए गए प्रयासों के बाद आखिरकार उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। जिसके बाद सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका स्वास्थ्य परीक्षण हुआ। पुलिस ने उसकी पहचान की पुष्टि कर पश्चिम बंगाल में रह रहे परिजनों से संपर्क किया। अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक प्रकाशचंद्र परिहार, एएसपी मनकामना प्रसाद, एसडीओपी ब्रजेश भार्गव, प्रभारी तहसीलदार पाठक, नायब तहसीलदार और टीआई अमित दानी सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहे। रेस्क्यू टीम ने पूरे अभियान में अहम भूमिका निभाई। टीम में प्रशिक्षित युवा राजाबाबू चैधरी, पुलिस थाने से नीतेश रघुवंशी, पुष्पेन्द्र सिंह और संदीप खुरसंगे शामिल रहे। सोमवार से बुधवार तक शहर में इस घटना की चर्चा होती रही। टावर के आसपास बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटती रही।










