*पांढुर्णा हलचल न्यूज़ संवाददाता मनोज सातपुते पांढुर्णा*
( आपके आस पास क्षेत्र खबरें एवं विज्ञापन प्रकाशित करने हेतु संपर्क करें. 6262250843

पांढुर्णा कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क सुरक्षा की स्थिति, सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा, दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट, यातायात प्रबंधन तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करने के साथ-साथ यातायात नियमों का प्रभावी पालन भी सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में ब्लैक स्पॉट पर संकेतक बोर्ड, रंबल स्ट्रिप, रिफ्लेक्टिव मार्किंग एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण कराए जाएं, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने स्कूल बसों की नियमित फिटनेस जांच, वाहन चालकों के दस्तावेजों का सत्यापन तथा परिवहन नियमों के कड़ाई से पालन के निर्देश दिए। उन्होंने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन सुनिश्चित कराने तथा तेज गति से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि जिले में विशेष स्कूल बस जांच अभियान चलाकर बसों की जांच की गई तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमित प्रवर्तन कार्रवाई जारी है।
कलेक्टर ने नगर क्षेत्र में अतिक्रमण के कारण प्रभावित हो रही यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रमुख सड़कों की मरम्मत, आवश्यक संकेतक बोर्ड लगाने, कट प्वाइंट एवं टर्निंग प्वाइंट पर सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने तथा सड़क सुरक्षा संबंधी कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों, दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों तथा भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि दुर्घटना प्रभावित क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक उपाय सुनिश्चित किए जाएं, ताकि जिले में सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री प्रकाश चंद्र परिहार, अपर कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मनकामना प्रसाद, एसडीएम पांढुर्णा श्रीमती अलका एक्का सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









