*पांढुर्णा हलचल न्यूज़ संवाददाता मनोज सातपुते पांढुर्णा*
(आपके आस पास क्षेत्र खबरें एवं विज्ञापन प्रकाशित करने हेतु संपर्क करें.6262250843 )आयोजन के दौरान प्रशासन रहेगा मुस्तैद

पांढुर्णा, 24 जुलाई 2026। गुरु पूर्णिमा पर्व के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर शुक्रवार को कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने निर्देश दिए कि आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं का प्रवेश वीआईपी रोड से तथा निकास हनुमान लोक मार्ग से सुनिश्चित किया जाए, जिससे यातायात सुचारु बना रहे और भीड़ का प्रभावी प्रबंधन हो सके। पुलिस एवं यातायात विभाग को पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा निरंतर गश्त पर रखने के निर्देश दिए गए।
नगर पालिका को 28 जुलाई की सुबह से ही पूरे आयोजन स्थल पर विशेष सफाई अभियान चलाने, कर्मचारियों की 8-8 घंटे की शिफ्ट में ड्यूटी लगाने, पर्याप्त पेयजल, अस्थायी शौचालय, कचरा संग्रहण वाहन तथा निर्बाध विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बताया गया कि 28 जुलाई की रात्रि से भंडारा प्रारंभ होकर 29 जुलाई तक निरंतर चलेगा। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम, एंबुलेंस तथा आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए गए।
बैठक मे श्री संदीप मोहोड़ एवं हनुमान लोक समिति के अध्यक्ष श्री गोपाल शर्मा , पुलिस अधीक्षक श्री प्रकाश चंद्र परिहार, अपर कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मनकामना प्रसाद, संयुक्त कलेक्टर सुश्री मेघा शर्मा, राजस्व अनुविभागीय अधिकारी पांढुर्णा श्रीमती अलका एक्का, प्रभारी राजस्व अनुविभागीय अधिकारी श्री प्रियंक मिश्रा, प्रभारी तहसीलदार सुश्री प्रेक्षा पाठक, प्रभारी जनपद पंचायत सीईओ श्री विनय प्रकाश ठाकुर सहित अन्य अधिकारी एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।
00000









