*पांढुर्णा हलचल न्यूज़ संवाददाता मनोज सातपुते पांढुर्णा*
( आपके आस पास क्षेत्र खबरें एवं विज्ञापन प्रकाशित करने हेतु संपर्क करें.6262250843 )

पांढुर्णा जिले के नगरीय निकायों में विकास कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता और तकनीकी व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नगरीय प्रशासन विभाग ने सहायक यंत्री अरुण कोल्हे को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। विभागीय आदेश के तहत उन्हें जिले की पांढुरना और सौसर नगर पालिका के साथ-साथ पिपला, लोधीखेड़ा एवं मोहगांव नगर परिषद के तकनीकी कार्यों के अवलोकन और निगरानी का दायित्व दिया गया है।
शुक्रवार को श्री कोल्हे ने पांढुरना नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर नगर पालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने अधिकारियों से विभिन्न विकास कार्यों और तकनीकी व्यवस्थाओं की प्रारंभिक जानकारी भी प्राप्त की।
मिली जानकारी के अनुसार सहायक यंत्री अरुण कोल्हे अब नियमित रूप से सभी संबंधित नगरीय निकायों का दौरा करेंगे। वे निर्माणाधीन विकास कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का निरीक्षण करेंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे। इसके अलावा अधोसंरचना विकास, निर्माण कार्यों के तकनीकी परीक्षण और विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की जाएगी, ताकि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे हो सकें।
बता दें कि अरुण कोल्हे इससे पहले भी पांढुरना नगर पालिका में इंजीनियर के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। स्थानीय स्तर पर कार्य करने का अनुभव होने के कारण उन्हें क्षेत्र की भौगोलिक एवं प्रशासनिक परिस्थितियों की अच्छी समझ है। माना जा रहा है कि उनके अनुभव का लाभ जिले के नगरीय निकायों में चल रहे विकास कार्यों के बेहतर क्रियान्वयन और तकनीकी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने में मिलेगा।
नगर प्रशासन से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि पांचों नगरीय निकायों में चल रहे विकास कार्यों की नियमित तकनीकी निगरानी से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में सुधार होगा, कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी और योजनाओं का क्रियान्वयन अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।









