*पांढुर्णा हलचल न्यूज़ संवाददाता मनोज सातपुते पांढुर्णा*


पांढुर्णा मंगलवार 23 जून 2026 को जिला प्रशासन द्वारा आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण का प्रभावी माध्यम बन रहा है। इसी क्रम में आवेदक अनिल बारंगे द्वारा वेतन भुगतान न होने संबंधी शिकायत कलेक्टर पांढुर्णा की जनसुनवाई में प्रस्तुत की गई थी।
इस विषय संबंध में शिकायत प्राप्त होने पर पांढुर्णा जिला कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए श्रम निरीक्षक सुश्री सरिता साहू को आवश्यक जांच एवं निराकरण की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री वशिष्ठ के निर्देशानुसार श्रम निरीक्षक द्वारा आवेदक एवं अनावेदक पक्ष को जनसुनवाई में उपस्थित होने के लिए बुलाया गया तथा प्रकरण की सुनवाई कर आवश्यक कार्रवाई की गई।
इस प्रकरण के निराकरण के दौरान आवेदक के बकाया वेतन की राशि 34,000 रुपये का भुगतान सुनिश्चित करने हेतु कार्यवाही की गई। इसके तहत अनावेदक संस्थान मोहनज्योति इंडेन द्वारा 34,000 रुपये का चेक श्रम विभाग कार्यालय में जमा कराया गया। इसके उपरांत कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ द्वारा उक्त 34,000 रुपये की राशि का चेक आवेदक अनिल बारंगे को प्रदान किया गया। वेतन राशि प्राप्त होने पर आवेदक ने संतोष व्यक्त करते हुए कलेक्टर पांढुर्णा एवं श्रम विभाग का आभार व्यक्त किया।
जिला प्रशासन द्वारा जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जा रहा है, जिससे आम नागरिकों को समयबद्ध रूप से राहत मिल रही है तथा शासन की जनहितकारी व्यवस्था पर विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो रहा है।









