*पांढुर्णा हलचल न्यूज़ संवाददाता मनोज सातपुते पांढुर्णा*
( आपके आस पास क्षेत्र की खबरे एवं विज्ञापन प्रकाशित करने हेतु संपर्क करें.6262250843 )


पांढुर्णा विकासखंड के ग्राम पंचायत सिवनी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ डॉक्टर की अनियमित उपस्थिति से नाराज ग्रामीणों ने कलेक्टर को जनसुनवाई में ज्ञापन सौंपकर नियमित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिवनी लगभग 12 गांवों की आबादी के लिए एकमात्र डिलीवरी प्वाइंट है, लेकिन यहां पदस्थ डॉक्टर डॉ. श्रीवास उमरेठकर पिछले करीब 18 महीनों से नियमित रूप से स्वास्थ्य केंद्र नहीं पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार डॉक्टर महीने में केवल एक-दो बार ही आते हैं और कुछ समय रुककर लौट जाते हैं।
शिकायतकर्ताओं का यह भी कहना है कि डॉक्टर पिछले करीब 18 महीने से नियमित ड्यूटी पर नहीं आए, लेकिन उपस्थिति रजिस्टर में दो अलग-अलग प्रकार के हस्ताक्षर कर उनकी हाजिरी दर्ज की गई और वेतन भी लिया गया। ग्रामीणों ने इस पर फर्जी उपस्थिति दर्ज किए जाने की आशंका जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि वर्तमान में स्वास्थ्य केंद्र केवल एक एएनएम और एक नर्सिंग ऑफिसर के भरोसे संचालित हो रहा है। डॉक्टर की अनुपस्थिति के कारण गर्भवती महिलाओं को प्रसव के लिए अन्य अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार स्वास्थ्य विभाग और बीएमओ से मौखिक शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इससे क्षेत्र की जनता को नियमित स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिवनी में पदस्थ डॉक्टर की नियमित ड्यूटी सुनिश्चित की जाए, कथित फर्जी उपस्थिति और वेतन भुगतान की जांच कराई जाए तथा स्वास्थ्य केंद्र में दो से तीन अतिरिक्त कर्मचारियों की नियुक्ति की जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। डॉ साहब द्वारा बिना ड्यूटी परतैनात रजिस्टर उपस्थिती दर्ज आर टी आई दस्तावेज में ग्रामीणों को हुआ खुलासा जिसकी जांच पड़ताल कलेक्टर कराने की मांग।









