*पांढुर्णा हलचल न्यूज़ संवाददाता मनोज सातपुते पांढुर्णा*
( आपके आस पास क्षेत्र खबरें एवं विज्ञापन प्रकाशित करने हेतु संपर्क करें.6262250843 )


पांढुर्णा देशभर में सामने आ रहे पेपर लीक मामलों, शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार तथा शिक्षाविद् सोनम वांगचुक के समर्थन में राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन कलेक्टर के माध्यम से सौंपा गया। ज्ञापन में शांतिपूर्ण आंदोलन के दौरान सोनम वांगचुक के साथ हुए व्यवहार पर चिंता व्यक्त करते हुए इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत बताया गया।
ज्ञापन में कहा गया कि सोनम वांगचुक लंबे समय से शिक्षा सुधार और पर्यावरण संरक्षण जैसे जनहित के मुद्दों को लेकर आवाज उठाते रहे हैं। ऐसे में उनके शांतिपूर्ण आंदोलन के दौरान की गई कार्रवाई अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकारों के विपरीत है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि देशभर में लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है, जिससे युवाओं में निराशा और असंतोष बढ़ा है।
ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति से मांग की गई कि शिक्षा सुधार और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार उच्चस्तरीय समिति गठित कर सार्थक संवाद शुरू करे। साथ ही शांतिपूर्ण आंदोलनकारियों पर बल प्रयोग और दमनात्मक कार्रवाई पर रोक लगाते हुए दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
इसके अलावा पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी सजा देने, परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार लागू करने तथा प्रभावित विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग भी की गई। ज्ञापन में पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री से इस्तीफा लेने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।









