*पांढुर्णा हलचल न्यूज़ संवाददाता मनोज सातपुते पांढुर्णा*


पांढुर्णा ग्राम पंचायत बनगांव के अंतर्गत आने वाले ग्राम हरदोली में उल्टी-दस्त जैसी गंभीर बीमारी फैलने से ग्रामीणों ने कलेक्टर पांढुर्णा को ज्ञापन सौंपकर पंचायत के सरपंच एवं सचिव पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि 28 जुलाई 2026 से गांव में लगातार उल्टी-दस्त के मरीज बढ़ रहे हैं और वर्तमान में अधिकांश घरों में बच्चे, बुजुर्ग एवं अन्य लोग इस बीमारी से प्रभावित हैं। उनका कहना है कि पेयजल के कुओं के आसपास लंबे समय से साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था की अनदेखी की जा रही है। इससे गंदा पानी कुओं में रिस रहा है तथा आसपास उगी झाड़ियां और जहरीले पौधों के कारण पेयजल दूषित हो गया है, जिससे बीमारी फैलने की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस संबंध में पूर्व में भी सरपंच एवं सचिव को जानकारी दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई आवश्यक कदम नहीं उठाए गए। इसी लापरवाही के चलते गांव में बीमारी का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की तत्काल जांच कर दोषी पाए जाने पर सरपंच एवं सचिव के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो बीमारी और अधिक गंभीर रूप ले सकती है। ज्ञापन पर गांव के कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर भी किए गए हैं।









