*पांढुर्णा हलचल न्यूज़ संवाददाता मनोज सातपुते पांढुर्णा*
( आपके आस पास क्षेत्र खबरें एवं विज्ञापन प्रकाशित करने हेतु संपर्क करें.6262250846 )

पांढुर्णा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं अधिक से अधिक किसानों को योजना से जोड़ने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर पांढुर्णा से कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत फसल बीमा प्रचार वाहन अभियान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री विनोद लोखंडे, एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी के जिला प्रतिनिधि श्री सोनू वड़ोले सहित कृषि विभाग एवं बीमा कंपनी के अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रचार वाहन जिले के दोनों विकासखंडों पांढुर्णा एवं सौसर के विभिन्न अधिसूचित हल्कों का भ्रमण कर ऋणी एवं अऋणी किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की जानकारी देगा तथा अधिसूचित फसलों का पंजीयन कराने के लिए प्रेरित करेगा। खरीफ मौसम 2026 के दौरान यह वाहन व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाते हुए किसानों को योजना के लाभ एवं बीमा प्रक्रिया से अवगत कराएगा।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत खरीफ वर्ष 2026-27 में मक्का, सोयाबीन, अरहर, मूंगफली एवं कपास जैसी अधिसूचित फसलों का बीमा कराया जा सकता है। योजना का उद्देश्य अल नीनो सहित प्राकृतिक आपदाओं, अतिवृष्टि, सूखा, ओलावृष्टि, बाढ़ एवं कीट प्रकोप से फसलों को होने वाले नुकसान की स्थिति में किसानों को आर्थिक सुरक्षा एवं मुआवजा उपलब्ध कराना है।
कृषि विभाग एवं कृषि बीमा कंपनी ने किसानों से अपील की है कि वे 17 अगस्त 2026 तक अपनी अधिसूचित फसलों का बीमा अनिवार्य रूप से करा लें तथा अंतिम तिथि का इंतजार न करें। समय पर बीमा कराने से प्राकृतिक आपदाओं के कारण होने वाली फसल क्षति की स्थिति में आर्थिक सहायता प्राप्त की जा सकेगी।
ऋणी किसान अपने संबंधित बैंक अथवा पैक्स (PACS) के माध्यम से फसल बीमा करा सकते हैं। वहीं अऋणी किसानों को बीमा कराने के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक, भूमि संबंधी दस्तावेज (खसरा, बी-1 अथवा पटवारी प्रतिवेदन) तथा आवश्यक होने पर स्व-घोषणा पत्र प्रस्तुत करना होगा।
योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए किसान अपने निकटतम कृषि विभाग, कृषि विस्तार अधिकारी, बैंक, पैक्स अथवा कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) से संपर्क कर सकते हैं। कृषि विभाग ने किसानों से “छोटा सा प्रीमियम, बड़ी सुरक्षा” के संदेश के साथ प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।









