
सौंसर। पूर्व मंत्री नानाभाऊ मोहोड ने भोपाल में नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त संकेत भोंडवे से मुलाकात कर सौंसर में प्रस्तावित नवीन बस स्टैंड के निर्माण के लिए 6 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया। इस दौरान उन्होंने नगर की बढ़ती आबादी, यात्री सुविधाओं और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक बस स्टैंड की जरूरत बताई। आयुक्त ने प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए नियमानुसार राशि स्वीकृत कराने का आश्वासन दिया।
बैठक में भाजपा नेता भीमराव धोतके एवं सहायक यंत्री अरुण कुमार कोहले भी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान नगर के विकास, यातायात व्यवस्था और सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी चर्चा हुई।
पूर्व मंत्री नानाभाऊ मोहोड ने बताया कि सौंसर के वार्ड क्रमांक-12 में सर्वसुविधायुक्त आधुनिक पार्क के निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड और पार्क जैसी विकास परियोजनाएं सौंसर की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करेंगी तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।









