*पांढुर्णा हलचल न्यूज़ संवाददाता मनोज सातपुते पांढुर्णा*
(आपके आस पास क्षेत्र खबरें एवं विज्ञापन प्रकाशित करने हेतु संपर्क करें )

पांढुरना शहर क्षेत्र से वर्धा नदी तक जाने वाले अमरावती मार्ग की हालत दिनोंदिन खराब होती जा रही है। करीब 11 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर जगह-जगह बड़े और गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिससे आवागमन बेहद कठिन और जोखिम भरा बन गया है। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण प्रतिदिन हजारों राहगीरों, वाहन चालकों और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यह मार्ग पांढुरना शहर को आसपास के कई गांवों और अमरावती दिशा से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इसके बावजूद सड़क की दुर्दशा पर जिम्मेदार विभागों का ध्यान नहीं जा रहा है। मार्ग पर बने गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं चारपहिया वाहनों और ऑटो चालकों को भी दुर्घटना की आशंका के बीच सफर करना पड़ रहा है। रात के समय और अधिक खतरा बढ़ जाता है, क्योंकि गड्ढों का सही अनुमान नहीं लग पाने से वाहन चालक असंतुलित होकर दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति को लेकर कई बार सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने प्रशासन एवं संबंधित विभागों को अवगत कराया है। ज्ञापन सौंपे गए, शिकायतें की गईं और समस्या के समाधान की मांग भी उठाई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों का आरोप है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या को नजरअंदाज कर रहा है और उसकी कुंभकर्णी नींद खुलने का नाम नहीं ले रही।
क्षेत्रवासियों के अनुसार लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा समय-समय पर गड्ढों में मिट्टी, गिट्टी या डामर डालकर अस्थायी मरम्मत की जाती है, लेकिन कुछ ही दिनों में सड़क फिर से उखड़ जाती है। विभाग की यह व्यवस्था समस्या का स्थायी समाधान साबित नहीं हो रही है। लोगों का कहना है कि केवल गड्ढे भरने से काम नहीं चलेगा, बल्कि पूरे मार्ग का नवीनीकरण और गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराई जानी चाहिए।
मानसून शुरू होने पुर्व में रोड की मरम्मत एवं गड्ढों को नहीं भरा गया जिससे राहगीरों एवं लोगों की चिंता और बढ़ गई है। बारिश शुरू होने के बाद गड्ढों में पानी जमा होने से गड्ढों की गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया ऐसी स्थिति में दुर्घटनाओं की संभावना कई गुना बढ़ गई है। साथ ही सड़क पर जलभराव होने से वाहनों को नुकसान पहुंचने और यातायात बाधित होने की आशंका अधिक बनी हुई है।
ग्रामीणों, व्यापारियों और नियमित यात्रियों ने प्रशासन से मांग की है कि बारिश को देखते अमरावती मार्ग के गड्ढों की पक्की मरम्मत कर सड़क का नवीनीकरण कराया जाए। उनका कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र की जीवनरेखा है और इसकी उपेक्षा सीधे आम जनता की सुरक्षा और सुविधा से जुड़ा विषय है।
नागरिकों ने संबंधित अधिकारियों से शीघ्र संज्ञान लेकर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि स्कूल छात्र छात्राओं, राहगीरों, किसानों, वाहन चालकों और ग्रामीणों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके तथा संभावित सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके। पांढुर्णा जिला कांग्रेस कमेटी एवं पांढुर्णा विधानसभा क्षेत्र विधायक श्री निलेश उईके द्वारा 10 जुलाई को ज्ञापन सौंपकर सड़क मरम्मत गड्ढों को भरने की मांग उठाई गई थी फिर भी हालात जस के तस बने हुए हैं। सड़क मार्ग सफर कर रहे स्कूल छात्र किसान राहगीरों ग्रामीणों वाहन चालकों हर दिन जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है लेकिन कुंभ करण की निंद सोया जिम्मेदार विभाग एवं प्रशासन की आंखें नहीं खुलने का नाम नहीं ले रही हैं। जिसको लेकर दिनों दिन जिम्मेदार विभाग एवं प्रशासन के खिलाफ आम जनता का आक्रोश दिनों दिन बढ़ता जा रहा। सूत्रों द्वारा मिली जानकारी मुताबिक खस्ताहाल सड़क मार्ग को लेकर ग्रामीण जनता द्वारा सड़क मार्ग जाम एवं आंदोलन करने की रूपरेखा तैयार करने की बात सामने आई है।









