*पांढुर्णा हलचल न्यूज़ संवाददाता मनोज सातपुते पांढुर्णा*
( आपके आस पास क्षेत्र खबरें एवं विज्ञापन प्रकाशित करने हेतु संपर्क करें., 6262250843 )


पांढुर्णा जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में 11अगस्त मंगलवार आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 14 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार परीक्षण कर पात्र प्रकरणों में त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में अवार्ड की अनियमितताओं एवं त्रुटियों में सुधार, पूरक अवार्ड तैयार करने, परिसंपत्तियों के मूल्यांकन तथा अन्य संबंधित विसंगतियों की जांच कराने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया गया। ग्राम पंचायत खैरापैका के अंतर्गत ग्राम राजाडीखापा में पंचायत सचिव द्वारा साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था एवं पंचायत संबंधी कार्यों में लापरवाही तथा नियमित रूप से पंचायत में उपस्थित नहीं होने की शिकायत भी प्राप्त हुई।
इसी प्रकार लोकमाता अहिल्या देवी स्मारक स्थल पर सामुदायिक भवन निर्माण हेतु अनुमति, सरकारी भूमि पर जबरदस्ती फेंसिंग करने, फलदार पेड़ों को उखाड़ने की धमकी देने, मारपीट एवं जातिसूचक गालियां देकर अपमानित करने तथा अवैध कार्यों को रोककर जांच एवं न्याय दिलाने संबंधी आवेदन भी प्रस्तुत किए गए।
इसके अलावा छात्रवृत्ति दिलाए जाने, आगजनी में कृषि भूमि पर स्थित मवेशी कोठा जल जाने पर उचित मुआवजा प्रदान करने, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने तथा पंचायत सहायक सचिव द्वारा कथित मनमानी एवं अभद्र व्यवहार किए जाने संबंधी शिकायतों पर भी आवेदन प्राप्त हुए।
ग्राम पंचायत सावंगी के सरपंच द्वारा पद के दुरुपयोग एवं कथित आपराधिक कृत्य के संबंध में की गई जांच के मूल प्रपत्र एवं जांच निष्कर्ष सहित प्रतिवेदन शीघ्र प्रस्तुत कराने की मांग भी की गई। इसके साथ ही वर्ष 1990 से जोत की जा रही भूमि का वनाधिकार पट्टा दिलाने तथा ग्राम पंचायत मोरडोंगरी में रिचार्ज पिट का निर्माण नहीं होने के बावजूद महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना का बोर्ड लगाए जाने संबंधी शिकायत भी जनसुनवाई में प्रस्तुत हुई।
हनुमान लोक, सावली स्थित चमत्कारिक श्री हनुमान मंदिर संस्था में की जा रही सार्वजनिक नीलामी को तत्काल रोककर निरस्त करने तथा पांढुर्णा जिले में डॉ. हरिसिंह गौर सागर विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में व्याप्त कथित अनियमितताओं की ओर ध्यान आकर्षित कराने संबंधी आवेदन भी प्राप्त हुए।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का गंभीरता एवं संवेदनशीलता से परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा पात्र आवेदकों को समय-सीमा में राहत उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर सुश्री मेघा शर्मा, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पांढुर्णा श्रीमती अलका एक्का, प्रभारी तहसीलदार सुश्री पेक्षा पाठक सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।








