*पांढुर्णा हलचल न्यूज़ संवाददाता मनोज सातपुते पांढुर्णा*
( आपके आस पास क्षेत्र खबरें एवं विज्ञापन प्रकाशित करने हेतु संपर्क करें.6262250843 )

पांढुर्णा हलचल न्यूज़ संवाददाता मनोज सातपुते पांढुर्णा*पांढुर्णा नगर में पवित्र सावन मास के अवसर पर लगातार दूसरे वर्ष भव्य एवं ऐतिहासिक विशाल कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। बजरंग कांवड़ संघ पांढुर्णा के तत्वावधान में आयोजित होने वाली यह यात्रा 24 अगस्त 2026 को प्राचीन चंडिका माता मंदिर से प्रारंभ होकर जूना पांढुर्णा स्थित प्राचीन शिव मंदिर तक पहुंचेगी। आयोजन को लेकर नगर में तैयारियां तेज हो गई हैं और शिवभक्तों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
*पांच पवित्र नदियों के जल से होगा भगवान शिव का अभिषेक*:-
इस बार कांवड़ यात्रा की सबसे खास बात यह रहेगी कि कांवड़िए गंगा, गोदावरी, चंद्रभागा, नर्मदा, शिप्रा और ताप्ती नदियों के पवित्र जल को लेकर यात्रा में शामिल होंगे। उत्तरवाहिनी मां गंगा का जल बिहार के सुल्तानगंज से लाया गया है। बजरंग कांवड़ संघ के कांवड़िए बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग की यात्रा के बाद गंगाजल लेकर पांढुर्णा पहुंचे हैं।
कांवड़ यात्रा के समापन पर जूना पांढुर्णा स्थित प्राचीन शिव मंदिर में पवित्र जल से भगवान शिव का अभिषेक किया जाएगा।
*720 से अधिक शिवभक्तों ने कराया पंजीयन*
विशाल कांवड़ यात्रा को लेकर निशुल्क पंजीयन प्रारंभ कर दिया गया है। आयोजक समिति के अनुसार अब तक लगभग 720 शिवभक्त पंजीयन करा चुके हैं। समिति को उम्मीद है कि आगामी दिनों में यह संख्या बढ़कर 1500 से 2000 श्रद्धालुओं तक पहुंच सकती है।
आयोजकों के मुताबिक इस वर्ष कांवड़ यात्रा में महिलाओं की भागीदारी भी बड़ी संख्या में देखने को मिल रही है। नगर सहित आसपास के क्षेत्रों के शिवभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में यात्रा में शामिल होने की अपील की जा रही है।
*सुबह 10 बजे चंडिका माता मंदिर से होगी शुरुआत*
कांवड़ यात्रा का शुभारंभ सुबह 10 बजे प्राचीन चंडिका माता मंदिर से होगा। कांवड़िए जल उठाने का संकल्प लेने के बाद निर्धारित मार्ग से यात्रा पर निकलेंगे।
यात्रा गुजरी चौक, हनुमंती वार्ड, ब्राह्मणी, स्वामी विवेकानंद चौक, पंचशील चौक, तीनशेर चौक, मजदूर केंद्र, जयस्तंभ चौक एवं गुणवंत बाबा मंदिर मार्ग से होते हुए जूना पांढुर्णा के प्राचीन शिव मंदिर पहुंचेगी।
यात्रा में भजन-कीर्तन मंडलियों एवं दिंडी मंडलों की सहभागिता रहेगी, जिससे पूरे कांवड़ मार्ग पर भक्तिमय वातावरण निर्मित होगा।
*कांवड़ियों के लिए बनाए गए विशेष नियम*
बजरंग कांवड़ संघ द्वारा कांवड़ यात्रा की धार्मिक मर्यादा बनाए रखने के लिए विशेष नियम निर्धारित किए गए हैं। कांवड़ियों के लिए भगवा वस्त्र धारण करना अनिवार्य रहेगा। यात्रा के दौरान जूते-चप्पल एवं चमड़े की वस्तुओं का उपयोग वर्जित रहेगा।
कांवड़ को जमीन पर रखने की भी मनाही रहेगी। आयोजकों के अनुसार यात्रा के दौरान लिया गया संकल्प पूर्ण करते हुए कांवड़ का जल भगवान शिव को ही अर्पित किया जाएगा। इसके साथ ही यात्रा से जुड़े अन्य धार्मिक नियमों एवं मर्यादाओं का पालन करना भी अनिवार्य रहेगा।
*प्रशासन से मांगा सहयोग, सुरक्षा के रहेंगे इंतजाम*
विशाल कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की संभावित सहभागिता को देखते हुए बजरंग कांवड़ संघ द्वारा जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों से सहयोग लिया जा रहा है। यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। नगर पालिका द्वारा कांवड़ पथ की साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाएं किए जाने की तैयारी है। वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मार्ग में कांवड़ स्टैंड सहित आवश्यक व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं।
*अधिक से अधिक शिवभक्तों से सहभागिता की अपील*
बजरंग कांवड़ संघ ने नगर एवं आसपास के क्षेत्र के सभी शिवभक्तों से इस धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। समिति का कहना है कि यह केवल कांवड़ यात्रा नहीं, बल्कि भक्ति, आस्था और सामाजिक एकता का पर्व है, जिसमें हर वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।









