*पांढुर्णा हलचल न्यूज़ संवाददाता मनोज सातपुते पांढुर्णा*
( आपके आस पास क्षेत्र खबरें एवं विज्ञापन प्रकाशित करने हेतु संपर्क करें.6262250843 )

पांढुर्णा सेवा संकल्प अभियान एवं प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार तथा मध्यप्रदेश डे-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, जिला छिंदवाड़ा की जिला परियोजना प्रबंधक श्रीमती रेखा अहिरवार के मार्गदर्शन में स्व-सहायता समूहों एवं उनके परिवारों की Gen-Z युवतियों के लिए ‘नमो युवा शक्ति’ नारी आजीविका महोत्सव का आयोजन किया गया। विकास, आत्मनिर्भरता एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से आयोजित इस युवा उत्सव के अंतर्गत सिवनी माध्यमिक शाला प्रांगण, जिला पांढुर्णा में विभिन्न खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सुनंदा डोंगरे, जनपद सदस्य श्रीमती भारतीय पराड़कर एवं ग्राम पंचायत सिवनी की सरपंच श्रीमती सीमा सरेआम की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
महोत्सव के दौरान स्व-सहायता समूह की दीदियों ने यूथ मैराथन (दौड़ प्रतियोगिता), रस्साकशी, खो-खो, चेयर रेस एवं अन्य स्थानीय पारंपरिक खेलों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इसके साथ ही प्रश्नोत्तरी, कुकिंग प्रतियोगिता, सामूहिक योग, संगीत एवं नृत्य प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। कुकिंग प्रतियोगिता में मिलेट, प्रोटीन, पारंपरिक आहार एवं आहार विविधता आधारित व्यंजनों को शामिल किया गया। वहीं संगीत एवं नृत्य प्रतियोगिता में देशभक्ति, प्रेरणादायक एवं लोकगीत आधारित प्रस्तुतियां दी गईं।
कार्यक्रम में स्व-सहायता समूह की सदस्यों द्वारा सफलता की कहानियों का प्रस्तुतीकरण भी किया गया, जिसमें समूहों के माध्यम से आजीविका गतिविधियों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने तथा आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को साझा किया गया।
विभिन्न प्रतियोगिताओं के उपरांत उपस्थित अतिथियों द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला पांढुर्णा के स्व-सहायता समूहों की लगभग 200 दीदियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की जिला इकाई से जिला प्रबंधक M&E श्री हेमेंद्र भकने, विकासखंड प्रबंधक श्री दिलीप परते (पांढुर्णा), श्री ईश्वर यादव (सौंसर), सहायक विकासखंड प्रबंधक श्रीमती सीमा पटेल एवं श्री राम प्रसाद परस्ते (सौंसर) सहित कंप्यूटर ऑपरेटर एवं कार्यालय परिचालक उपस्थित रहे।
महोत्सव के माध्यम से स्व-सहायता समूह की महिलाओं एवं युवतियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, स्वस्थ जीवनशैली, रचनात्मकता, आजीविका एवं आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।







