*पांढुर्णा हलचल न्यूज़ संवाददाता मनोज सातपुते पांढुर्णा*
( आपके आस पास क्षेत्र खबरें एवं विज्ञापन प्रकाशित करने हेतु संपर्क करें.6262250843 )

पांढुर्णा: 28 सितंबर 2026 कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में जघन्य एवं सनसनीखेज चिन्हित अपराधों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में चिन्हित अपराधों की वर्तमान स्थिति, लंबित साक्षियों, न्यायालयीन कार्यवाही तथा अभियोजन से संबंधित प्रकरणों की प्रकरणवार समीक्षा की गई। बैठक में संबंधित अधिकारियों द्वारा प्रकरणों की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया गया।
कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने चिन्हित प्रकरणों में प्रभावी साक्ष्य संकलन एवं न्यायालयीन कार्यवाही को समयबद्ध रूप से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अपराधियों के पुनः फिंगरप्रिंट लिए जाने तथा आवश्यकतानुसार डीएनए टेस्ट कराए जाने के निर्देश दिए, ताकि प्रकरणों में उपलब्ध साक्ष्यों को वैज्ञानिक आधार पर और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि चिन्हित प्रकरणों में लंबित साक्षियों एवं आवश्यक दस्तावेजों की कार्यवाही प्राथमिकता से पूर्ण कराई जाए। साथ ही अभियोजन अधिकारियों से समन्वय स्थापित करते हुए न्यायालयीन प्रकरणों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में विभिन्न चिन्हित प्रकरणों में साक्षियों की स्थिति, आगामी न्यायालयीन कार्यवाही तथा अभियोजन साक्ष्य प्रस्तुत किए जाने संबंधी कार्यवाही की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री प्रकाश चंद्र परिहार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मनोकामना प्रसाद, अपर कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर सहित संबंधित पुलिस, अभियोजन एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे







