*पांढुर्णा हलचल न्यूज़ संवाददाता मनोज सातपुते पांढुर्णा*
( आपके आस पास क्षेत्र खबरें एवं विज्ञापन प्रकाशित करने हेतु संपर्क करें.6262250843 )


पांढुर्णा। नगर की प्राचीन धार्मिक एवं ऐतिहासिक धरोहर चंडिका माता मंदिर एवं प्राचीन भवानी माता मंदिर पहुंच मार्ग पर भव्य स्वागत द्वार अथवा प्रवेश द्वार निर्माण की मांग उठी है। इस संबंध में समस्त नगरवासियों तथा चंडिका माता मंदिर एवं भवानी माता मंदिर समिति की ओर से नगर पालिका अध्यक्ष संदीप घाटोडे को आवेदन सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।
आवेदन में कहा गया है कि दोनों प्राचीन धार्मिक स्थल नगरवासियों की आस्था के प्रमुख केंद्र हैं। यहां वर्षभर श्रद्धालुओं का आवागमन रहता है, जबकि ऐतिहासिक गोटमार मेले के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की संख्या भी बढ़ जाती है।
आवेदन के अनुसार पंढरी एवं हनुमंती वार्ड के मध्य चंद्रभागा नदी पर पुलिया एवं मार्ग निर्माण होने से यह मार्ग नगर के विभिन्न वार्डों को मुख्य बाजार, शासकीय कार्यालय, अस्पताल, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन एवं मुख्य मार्ग से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग बन गया है। इसी मार्ग से चंडिका माता एवं भवानी माता मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिल रही है।
नगरवासियों ने छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थल के सामने से मंदिरों की ओर जाने वाले मार्ग पर “चंडिका माता–भवानी माता मंदिर स्वागत द्वार” बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि भव्य प्रवेश द्वार बनने से मंदिर मार्ग की पहचान स्पष्ट होगी और नगर की धार्मिक विरासत को भी एक आकर्षक पहचान मिलेगी।
आवेदन में नगर पालिका परिषद की बैठक में प्रस्ताव प्रस्तुत कर स्वागत द्वार निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने तथा आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है। नगरवासियों का कहना है कि यह पहल धार्मिक धरोहर के सम्मान के साथ-साथ नगर सौंदर्यीकरण और पर्यटन की दृष्टि से भी उपयोगी साबित हो सकती है।







