*पांढुर्णा हलचल न्यूज़ संवाददाता मनोज सातपुते पांढुर्णा*
( आपके आस पास क्षेत्र खबरें एवं विज्ञापन प्रकाशित करने हेतु संपर्क करें.6262250843 )


पांढुर्णा नगर के शारदा मार्केट की ओर जाने वाले मार्ग की छोटी पुलिया पर बीच में पोल लगाने की मांग को लेकर गणेश वार्ड के रहवासियों ने नगर पालिका में आवेदन सौंपा है। रहवासियों का कहना है कि पुलिया पर पहले पोल लगे हुए थे, जिसके कारण बड़े वाहन मार्केट की ओर प्रवेश नहीं कर पाते थे। कुछ समय पहले पोल हटाए जाने के बाद अब बड़े वाहन पुलिया से होकर सीधे शारदा मार्केट की ओर पहुंच रहे हैं। इससे मार्केट क्षेत्र में आवागमन की समस्या बढ़ रही है। वार्डवासियों ने बताया कि शारदा मार्केट के अंदर जाने वाला मार्ग काफी संकरा है। यहां पहले से ही लोगों और छोटे वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में बड़े वाहनों के प्रवेश करने पर रास्ते में निकलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं बचती। कई बार बड़े वाहनों के कारण आवागमन बाधित होने की स्थिति बन जाती है। इससे पैदल आने-जाने वाले लोगों और दोपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। रहवासियों के अनुसार बाहर से आने वाले वाहन चालकों को मार्केट के अंदर सड़क की चैड़ाई और आगे की स्थिति की जानकारी नहीं होती। पुलिया से बड़े वाहन अंदर पहुंचने के बाद संकरी सड़क पर फंसने जैसी स्थिति बन सकती है। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। लोगों का कहना है कि समय रहते बड़े वाहनों का प्रवेश रोकने की व्यवस्था नहीं की गई तो भविष्य में परेशानी और बढ़ सकती है। रहवासियों ने बताया कि पुलिया के बीच पहले पोल लगाए गए थे। इन पोल के कारण बड़े वाहन पुलिया पार कर मार्केट की ओर नहीं जा पाते थे और छोटे वाहनों का आवागमन आसानी से होता था। पोल हटने के बाद बड़े वाहनों के लिए रास्ता खुल गया है। इसी वजह से अब वार्डवासियों ने दोबारा पुलिया पर पोल लगाने की मांग की है। गणेश वार्ड के रहवासियों ने नगर पालिका से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर पुलिया की स्थिति को देखते हुए बीच में पोल लगाए जाएं। इससे बड़े वाहनों का प्रवेश रोका जा सकेगा और मार्केट की संकरी सड़क पर होने वाली परेशानी से लोगों को राहत मिलेगी। रहवासियों ने दुर्घटना की आशंका को देखते हुए जल्द कार्रवाई किए जाने की मांग की है।







