*पांढुर्णा हलचल न्यूज़ संवाददाता मनोज सातपुते पांढुर्णा*
( आपके आस पास क्षेत्र खबरें एवं विज्ञापन प्रकाशित करने हेतु संपर्क करें.6262250843,)


पांढुर्णा जिले में पर्याप्त एवं समय पर बारिश नहीं होने से खरीफ फसलों पर मंडरा रहे संकट के बीच अब पांढुर्णा जिले को तत्काल सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग तेज हो गई है। बुधवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नांदनवाड़ी के अध्यक्ष रवि खापरे के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं क्षेत्र के किसानों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर फसल नुकसान का सर्वे कराने सहित किसानों को राहत देने की मांग उठाई।
इस संबंध में कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि इस खरीफ सीजन में क्षेत्र में अपेक्षित एवं समय पर वर्षा नहीं होने के कारण खेतों में पर्याप्त नमी नहीं बन सकी। इसका सीधा असर फसलों की बढ़वार और उत्पादन पर पड़ा है। कई क्षेत्रों में फसलें प्रभावित होने के साथ ही किसानों के सामने उत्पादन में भारी कमी का संकट खड़ा हो गया है।कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यदि समय रहते शासन स्तर पर राहत के प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो फसल उत्पादन में कमी के साथ किसानों पर आर्थिक संकट और गहरा सकता है।
*कांग्रेस पार्टी ने “ग्रामवार और खेतवार सर्वे कराने की प्रशासन से मांग*”
ब्लॉक कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की कि पांढुर्णा क्षेत्र को तत्काल सूखाग्रस्त घोषित किया जाए। इसके साथ ही प्रभावित किसानों की फसलों का ग्रामवार एवं खेतवार सर्वेक्षण कराकर वास्तविक नुकसान का आकलन किया जाए और नुकसान के आधार पर किसानों को उचित मुआवजा एवं आवश्यक राहत उपलब्ध कराई जाए।
“*कर्जमाफी और पेयजल व्यवस्था की भी मांग*”
ज्ञापन में किसानों के कृषि ऋण की माफी की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि फसल उत्पादन प्रभावित होने से किसानों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। ऐसे में कृषि ऋण की माफी से किसानों को राहत मिल सकती है।
इसके अलावा आगामी समय में संभावित पेयजल संकट को देखते हुए अभी से ग्राम पंचायतों को अतिरिक्त राशि उपलब्ध कराने की मांग की गई, ताकि टैंकर, जलस्रोतों और अन्य पेयजल व्यवस्थाओं की अग्रिम तैयारी की जा सके।
*रैली आंदोलन में सैकड़ों कार्यकर्ता और किसान रहे मौजूद*”
इस ज्ञापन कार्यक्रम के दौरान पांढुर्णा जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जतन उइके, पांढुर्णा विधायक निलेश उइके, जिला प्रभारी गंगा प्रसाद तिवारी, सहप्रभारी सुरेश कपाले, जिला किसान प्रकोष्ठ अध्यक्ष हरनाम सिंह ठाकुर, जिला कार्यवाहक अध्यक्ष मुशनलाल उइके, सुखदेव सरियाम तथा जनपद अध्यक्ष लता तूमड़ाम , युवक कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष बंटी ठाकुर, पुर्व विधानसभा युवक कांग्रेस अध्यक्ष अरुण धुर्वे, नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जयंत घोड़े, कांग्रेस मीडिया प्रभारी जिला अध्यक्ष देवकांत मांडोगडे सहित कांग्रेस के विभिन्न पदाधिकारियों ने किसानों की समस्याओं को लेकर संबोधित किया। इस दौरान क्षेत्र से बड़ी संख्या में किसान एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







