*पांढुर्णा हलचल न्यूज़ संवाददाता मनोज सातपुते पांढुर्णा*
(आपके आस पास क्षेत्र खबरें एवं विज्ञापन प्रकाशित करने हेतु संपर्क करें.6262250843 )

पांढुर्णा जिला कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशानुसार 22 अक्टूबर 2026 को श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों को शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन एवं अन्य वैधानिक लाभ दिलाने के लिए लगातार निरीक्षण एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बोरगांव स्थित सफल फूड्स में श्रमिकों को न्यूनतम वेतन से कम भुगतान किए जाने का मामला सामने आने पर श्रम विभाग की कार्रवाई से शेष दो ठेकेदारों के माध्यम से श्रमिकों को पिछले एक वर्ष की वेतन अंतर राशि के एरियर के रूप में कुल 4 लाख 26 हजार 256 रुपये का भुगतान कराया गया है।
निरीक्षण के दौरान पाया गया था कि सफल फूड्स में कार्यरत श्रमिकों को शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन से कम भुगतान किया जा रहा था। इस संबंध में पूर्व में दो ठेकेदारों से श्रमिकों को पिछले एक वर्ष की वेतन अंतर राशि का भुगतान कराया जा चुका था। इसके बाद शेष दो ठेकेदारों से भी 4,26,256 रुपये की एरियर राशि का भुगतान सुनिश्चित कराया गया।
न्यूनतम वेतन के अनुसार भुगतान करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान प्रमुख नियोजक द्वारा अवगत कराया गया कि श्रमिकों के भुगतान के लिए ठेकेदारों को न्यूनतम वेतन से अधिक राशि उपलब्ध कराई जा रही है। प्रकरण में श्रम निरीक्षक सुश्री सरिता साहू द्वारा संस्थान में कार्यरत दोनों ठेकेदारों को शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन के अनुसार श्रमिकों को भुगतान सुनिश्चित करने तथा पिछले एक वर्ष की वेतन अंतर राशि का भुगतान करने के निर्देश दिए गए।
श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए कार्रवाई
कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशानुसार श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों को निर्धारित न्यूनतम वेतन दिलाने, वेतन संबंधी अनियमितताओं को दूर करने तथा उनके वैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए निरीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। सफल फूड्स बोरगांव में की गई यह कार्रवाई श्रमिकों को उनका वाजिब हक दिलाने और श्रम कानूनों का पालन सुनिश्चित कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
श्रम विभाग द्वारा नियोजकों एवं ठेकेदारों से अपील की गई है कि वे शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन का भुगतान सुनिश्चित करें तथा श्रमिकों के अधिकारों का पालन करें।







