*पांढुर्णा हलचल न्यूज़ मनोज सातपुते संवाददाता पांढुर्णा*

एनकॉर्ड समिति की बैठक में संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्रवाई करने के निर्देश
पांढुर्णा, 28 अक्टूबर 2026। जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस एवं संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में आयोजित एनकॉर्ड (एन-कोर्ड) जिला स्तरीय समिति की बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन में पुलिस अधीक्षक सुश्री विदिता डागर ने संबंधित अधिकारियों को अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, खेती, उत्पादन एवं परिवहन पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में पान के ठेलों, चाय की दुकानों तथा अन्य संदिग्ध स्थानों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। ग्रामीण, कस्बाई एवं शहरी क्षेत्रों में मादक पदार्थों के अवैध विक्रय पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
अवैध खेती एवं उत्पादन पर रहेगी निगरानी
पुलिस एवं वन विभाग को जंगलों, ग्रामीण तथा कस्बाईक्षेत्रों में गांजा एवं अन्य मादक पौधों की अवैध खेती एवं उत्पादन की जांच करने के निर्देश दिए गए। अवैध गतिविधियां पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया
अवैध मदिरा एवं अन्य गतिविधियों पर भी कार्रवाई
आबकारी विभाग को ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों में अवैध मदिरा के विक्रय पर प्रभावी रोक लगाने तथा अवैध मादक पदार्थों एवं मदिरा के परिवहन में प्रयुक्त वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही तंबाकू के अवैध विक्रय एवं जुआ संबंधी गतिविधियों पर भी नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।कार्रवाई का प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश
बैठक में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम तथा नशे के दुष्प्रभावों से होने वाले नुकसान के संबंध में भी चर्चा की गई। संबंधित विभागों को अपने-अपने स्तर पर की गई कार्रवाई की जानकारी एवं प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, ताकि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सुश्री विदिता डागर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मनकामना प्रसाद, अपर कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पांढुर्णा श्रीमती अलका एक्का सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








