*पांढुर्णा हलचल न्यूज़ संवाददाता मनोज सातपुते पांढुर्णा*
( आपके आस पास क्षेत्र खबरें एवं विज्ञापन प्रकाशित करने हेतु संपर्क करें.6262250843 )

पांढुर्णा जिले के नागरिकों को आधुनिक बैंकिंग सेवाओं की एक नई सौगात मिली है। शहर के बस स्टैंड परिसर से लगे बजरंग छाया कॉम्प्लेक्स, आदित्य होटल रोड पर आईडीबीआई बैंक की नई शाखा का शुभारंभ बुधवार को कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
उद्घाटन समारोह में आईडीबीआई बैंक के महाप्रबंधक एवं वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रमुख (भोपाल) श्री महेश चंद्र कारी, उपमहाप्रबंधक श्री राजेश अग्रवाल, सहायक महाप्रबंधक श्री अश्विन जैसवाल तथा सहायक महाप्रबंधक एवं शाखा प्रमुख श्री नीरज दातीर सहित बैंक के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ एवं बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर नई शाखा का शुभारंभ किया। इसके पश्चात दीप प्रज्वलन एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इस अवसर पर बैंक परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था तथा बैंक का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
अपने संबोधन में कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने नई शाखा के शुभारंभ पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बैंकिंग सेवाओं का विस्तार जिले के आर्थिक एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नई शाखा के प्रारंभ होने से क्षेत्र के नागरिकों, व्यापारियों एवं उद्यमियों को आधुनिक एवं सुलभ बैंकिंग सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर आईडीबीआई बैंक के महाप्रबंधक एवं वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रमुख श्री महेश चंद्र कारी ने बैंक की विभिन्न बचत एवं जमा योजनाओं, ऋण सुविधाओं, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं तथा ग्राहकों को उपलब्ध कराई जा रही अन्य सुविधाओं की जानकारी देते हुए क्षेत्रवासियों से बैंक की सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया।
समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी, बैंक ग्राहक एवं क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।









