*पांढुर्णा हलचल न्यूज़ संवाददाता मनोज सातपुते पांढुर्णा*
( आपके आस पास क्षेत्र खबरें एवं विज्ञापन प्रकाशित करने हेतु संपर्क करें.6262250843 )

पांढुर्णा, 29 अगस्त 2026 जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने बोरपानी वन ग्राम पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी विभिन्न समस्याओं को सुना। ग्रामीणों ने कृषक सम्मान निधि, फार्मर आईडी, समग्र ई-केवाईसी, संबल कार्ड, शौचालय, सड़क, टीकाकरण, आयुष्मान कार्ड, जाति प्रमाण-पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न समस्याएं कलेक्टर के समक्ष रखीं।
ग्रामीणों ने कच्ची सड़क की समस्या बताते हुए कहा कि बारिश के दौरान सड़क पर कीचड़ हो जाने से आवागमन में काफी परेशानी होती है। बारिश का पानी और कीचड़ घरों में घुसने से भी ग्रामीणों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने सड़क की समस्या के स्थायी निराकरण की मांग की।
ग्रामीणों ने सामुदायिक भवन, बीएसएनएल टावर, गौशाला निर्माण, लक्ष्मी योजना, बहना योजना, पेंशन एवं वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित समस्याओं से भी कलेक्टर को अवगत कराया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य रिपोर्ट का किया अवलोकन
जन विश्वास अभियान के दौरान कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं से संबंधित स्वास्थ्य रिपोर्ट की जानकारी ली और उनकी जांच रिपोर्ट का अवलोकन किया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को गर्भवती महिलाओं एवं ग्रामीणों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। टीकाकरण एवं आयुष्मान कार्ड से संबंधित समस्याओं के निराकरण पर भी जोर दिया गया।
7 दिन में समस्याओं के निराकरण के निर्देश
कलेक्टर ने ग्राम पंचायत सचिव को निर्देशित किया कि ग्रामीणों द्वारा बताई गई सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए अधिकतम 7 दिवस में निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने संबंधित विभागों से समन्वय कर पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
जन विश्वास अभियान के माध्यम से प्रशासन ने ग्रामीणों की समस्याओं को मौके पर सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित हो सके।
अभियान के अंत में ग्राम में जनगणना संबंधी कार्य भी किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री प्रकाश चंद्र परिहार, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पांढुर्णा श्रीमती अलका एक्का सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







