*पांढुर्णा हलचल न्यूज़ संवाददाता मनोज सातपुते पांढुर्णा*
( आपके आस पास क्षेत्र खबरें एवं विज्ञापन प्रकाशित करने हेतु संपर्क करें.6262250843

पांढुर्णा सड़क दुर्घटनाओं को लेकर सांसद बंटी विवेक साहू ने गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर मोही घाट का एनएचएआई के वरिष्ठ अधिकारियों एवं तकनीकी विशेषज्ञों से तत्काल निरीक्षण कराने की मांग की है। सांसद ने कहा है कि केवल दुर्घटना के बाद तत्कालीन सुधार करने के बजाय हादसों के मूल कारणों का तकनीकी अध्ययन कर स्थायी सुरक्षा व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए।
सांसद ने केंद्रीय मंत्री को लिखे पत्र में बताया कि मोही घाट में पिछले एक वर्ष से अधिक समय से लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। यह मार्ग नागपुर-भोपाल नेशनल हाईवे का महत्वपूर्ण हिस्सा है और यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। घाट क्षेत्र में सड़क की भौगोलिक स्थिति, ढलान और वाहनों की गति के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। कुछ समय पहले रात के समय मोही घाट में तीन वाहनों की टक्कर हो गई थी। टक्कर के बाद एक कंटेनर डिवाइडर पर पलट गया। हादसा इतना गंभीर था कि दो लोग वाहन के अंदर दब गए थे। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। इस घटना के बाद एक बार फिर मोही घाट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे हैं।
जिला सड़क सुरक्षा समिति में भी उठ चुका है मुद्दा।
सांसद साहू ने पत्र में कहा कि मोही घाट में लगातार हो रही दुर्घटनाओं का मुद्दा जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में भी उठाया जाता रहा है। इसके बावजूद दुर्घटनाओं के मूल कारणों को दूर करने की दिशा में स्थायी समाधान की आवश्यकता बनी हुई है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना संभावित स्थान पर केवल सामान्य मरम्मत या अस्थायी इंतजाम पर्याप्त नहीं हैं। यहां दुर्घटनाओं के कारणों की तकनीकी जांच कर यह पता लगाया जाना जरूरी है कि सड़क की संरचना, ढलान, मोड़, डिवाइडर, संकेतक, वाहनों की गति अथवा प्रकाश व्यवस्था में से किन कारणों से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है।
सड़क की डिजाइन से लेकर स्पीड कंट्रोल तक हो जांच
सांसद ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया है कि एनएचएआई के वरिष्ठ अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम को मोही घाट भेजकर मौके का विस्तृत निरीक्षण कराया जाए। निरीक्षण के दौरान सड़क की डिजाइन और ढलान के साथ-साथ डिवाइडर की स्थिति, रोड साइनेज, रिफ्लेक्टर और प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा की जाए। इसके अलावा घाट क्षेत्र में वाहनों की गति को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक उपायों का भी परीक्षण कराने की मांग की गई है। सांसद ने कहा कि दुर्घटना संभावित स्थानों पर पर्याप्त चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर और अन्य सुरक्षा उपकरण लगाए जाने के साथ ही आवश्यकता के अनुसार इंजीनियरिंग सुधार किए जाने चाहिए।
*सांसद बंटी विवेक साहू ने समाधान पर दिया जोर*
सांसद बंटी विवेक साहू ने पत्र के माध्यम से स्पष्ट किया है कि मोही घाट में लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए स्थायी सुरक्षा उपायों की आवश्यकता है। उनका कहना है कि तकनीकी निरीक्षण के बाद सामने आने वाली कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में गंभीर सड़क हादसों को रोका जा सके। उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और एनएचएआई के अधिकारियों से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र निरीक्षण और आवश्यक सुधार कार्य कराने का निवेदन किया है। मोही घाट पर स्थायी सुरक्षा व्यवस्था होने से वाहन चालकों के लिए सड़क को अधिक सुरक्षित बनाने और दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति कम करने में मदद मिल सकेगी।







