*पांढुर्णा हलचल न्यूज़ संवाददाता मनोज सातपुते पांढुर्णा*
( आपके आस पास क्षेत्र खबरें एवं विज्ञापन प्रकाशित करने हेतु संपर्क करें.626225084)





पांढुर्णा देश के महान समाज सुधारक एवं माली समाज के आराध्य महात्मा ज्योतिबा फुले की प्रतिमा पांढुर्णा शहर में स्थापित करने की मांग को लेकर मंगलवार को महात्मा ज्योतिबा फुले माली समाज संगठन के नेतृत्व में समाजजनों ने रैली निकाली। रैली में समाज के वरिष्ठजन, बुजुर्ग, महिलाएं और युवा बड़ी संख्या में शामिल हुए। रैली नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए रैली कलेक्टर कार्यालय पहुंची। यहां समाज के प्रतिनिधिमंडल ने कार्यपालिक मजिस्ट्रेट मोहित गणवीर को ज्ञापन सौंपकर प्रतिमा स्थापना के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने की मांग की।
समाज संगठन ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने समाज में शिक्षा का प्रसार, महिला शिक्षा, सामाजिक समानता और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाते हुए शिक्षा और समानता के माध्यम से समाज को नई दिशा देने का काम किया। माली समाज उन्हें अपना आराध्य एवं प्रेरणास्रोत मानता है। इसके बावजूद पांढुर्णा शहर में अब तक महात्मा ज्योतिबा फुले की प्रतिमा स्थापित नहीं है।
समाजजनों ने बताया कि शहर में महात्मा ज्योतिबा फुले की प्रतिमा स्थापित करने की मांग लंबे समय से की जा रही है। समाज की ओर से प्रशासन के समक्ष प्रस्तावित स्थल पर प्रतिमा स्थापित करने के लिए भूमि उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है। समाज का कहना है कि शहर में प्रतिमा स्थापित होने से महात्मा फुले के विचारों और उनके सामाजिक योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। प्रतिमा स्थल का सौंदर्यीकरण भी किया जा सकेगा, जहां महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती और पुण्यतिथि सहित सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे।
ज्ञापन में समाज संगठन ने मजदूर केंद्र के पास डॉ. खरवड़े अस्पताल के बाजू में स्थित नजूल भूमि का विशेष रूप से उल्लेख किया है। समाज ने प्रशासन से उक्त स्थल का निरीक्षण कराने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि यदि प्रस्तावित भूमि पर अतिक्रमण है तो प्रशासन द्वारा नियमानुसार कार्रवाई कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। इसके बाद प्रतिमा स्थापना के लिए उक्त भूमि का उपयोग करने की दिशा में आवश्यक प्रक्रिया की जाए।
समाज ने प्रशासन से प्रस्तावित स्थल की स्थिति का परीक्षण कर प्रतिमा स्थापना के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध अथवा आवंटित करने का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यदि उक्त स्थान प्रतिमा स्थापना के लिए उपयुक्त पाया जाता है तो प्रशासन आवश्यक कार्रवाई करते हुए समाज को भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू करे।
रैली में शामिल समाज के वरिष्ठजनों ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने महिलाओं और वंचित वर्गों को शिक्षा एवं अधिकार दिलाने के लिए महत्वपूर्ण संघर्ष किया। उन्होंने सामाजिक भेदभाव और कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाकर समानता आधारित समाज की स्थापना का संदेश दिया। ऐसे महान समाज सुधारक की प्रतिमा शहर में स्थापित होने से युवा पीढ़ी उनके जीवन, संघर्ष और विचारों से परिचित हो सकेगी।
रैली में माली समाज के साथ आंबेडकर अनुयायी भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। समाजजनों ने प्रतिमा स्थापना की मांग को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। कलेक्टर कार्यालय पहुंचने के बाद प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा और प्रशासन से जल्द सकारात्मक पहल करने की अपेक्षा जताई।
इस अवसर पर माहत्मा ज्योतिबा फुले माली समाज संघटन से जुड़े समस्त पदाधिकारी युवा शक्ति, मातृ शक्ति, समाज संघटन के वरिष्ठजनों एवं माहत्मा ज्योतिबा फुले के समस्त अनुयाई हजारों की संख्याओं शामिल रहे।







