*पांढुर्णा हलचल न्यूज़ संवाददाता मनोज सातपुते पांढुर्णा*
( आपके आस पास क्षेत्र खबरें एवं विज्ञापन प्रकाशित करने हेतु संपर्क करें.6262250843 )

पांढुर्णा–सौसर लोधीखेड़ा रेलवे स्टेशन पर यात्री आरक्षण प्रणाली (PRS) काउंटर की सुविधा शुरू होने से क्षेत्र के रेल यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। अब लोधीखेड़ा सहित आसपास के गांवों के नागरिकों को आरक्षित रेल टिकट बनवाने के लिए दूसरे स्टेशनों तक जाने की आवश्यकता कम होगी। इस सुविधा से यात्रियों के समय और संसाधनों की बचत होगी तथा क्षेत्र में रेल यात्री सुविधाओं का विस्तार होगा।
भारतीय जनता पार्टी जिला पांढुर्णा के जिला अध्यक्ष संदीप मोहोड ने इस सुविधा के प्रारंभ होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि लोधीखेड़ा रेलवे स्टेशन पर आरक्षण काउंटर का समय: दोपहर 12 बजे से 3 तक शुरू करने की मांग उन्होंने विगत 24 अप्रैल 2026 को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश से मुलाकात के दौरान प्रमुखता से उठाई थी। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा और स्थानीय नागरिकों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशन पर यात्री आरक्षण प्रणाली (PRS) काउंटर उपलब्ध कराने का विषय रखा था।
संदीप मोहोड ने कहा कि क्षेत्रवासियों की इस महत्वपूर्ण मांग पर रेलवे प्रशासन द्वारा सकारात्मक पहल करते हुए आरक्षण काउंटर की सुविधा शुरू किया जाना हर्ष का विषय है। इससे लोधीखेड़ा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को अपने नजदीकी रेलवे स्टेशन पर ही आरक्षित टिकट बनवाने की सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से उन यात्रियों को राहत मिलेगी, जिन्हें टिकट आरक्षण के लिए दूरस्थ स्टेशनों तक जाना पड़ता था।
उन्होंने कहा कि जनता की आवश्यकताओं से जुड़ी मांगों को उचित मंच पर उठाना और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करना जनसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। लोधीखेड़ा रेलवे स्टेशन पर आरक्षण काउंटर की सुविधा शुरू होना क्षेत्र के नागरिकों के लिए उपयोगी कदम है। इससे रेल यात्रियों को अधिक सुविधाजनक सेवाएं मिलेंगी और स्थानीय स्तर पर यात्री सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
भाजपा जिला अध्यक्ष संदीप मोहोड ने इस सुविधा को उपलब्ध कराने के लिए रेलवे प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आशा जताई कि भविष्य में भी क्षेत्र की रेल संबंधी आवश्यकताओं पर सकारात्मक पहल की जाएगी, जिससे आम नागरिकों को बेहतर यात्री सुविधाओं का लाभ मिल सके।







