पांढुर्णा हलचल न्यूज़ संवाददाता मनोज सातपुते पांढुर्णा ( विज्ञापन एवं खबरें प्रकाशित करने संपर्क करें )

पांढुर्णा में शासन के निर्देशानुसार वर्ष 2026 को कृषि वर्ष के रूप में मनाए जाने के उपलक्ष्य में कृषि एवं संबद्ध विषयों जैसे कृषि, कृषि अभियांत्रिकी, पशुपालन, उद्यानिकी, सहकारिता एवं मत्स्यपालन आदि पर किसानों एवं कृषि वैज्ञानिकों के मध्य सीधा संपर्क स्थापित कर नवीन एवं वैज्ञानिक तकनीकी सुधारों की जानकारी कृषकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से खरीफ फसलों की बुआई के पूर्व प्रत्येक विकासखंड में दिनांक 16 मई 2026 से कृषि रथ संचालित किया गया।
कृषि रथ निर्धारित रूटचार्ट अनुसार ग्राम पंचायतों एवं सेवा सहकारी समितियों में भ्रमण करेगा। इस दौरान कृषि वैज्ञानिक, कृषि अभियांत्रिकी, पशुपालन, उद्यानिकी, सहकारिता, मत्स्यपालन विभाग के अधिकारी तथा राजस्व विभाग के पटवारी उपस्थित रहकर किसानों को तकनीकी जानकारी एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराएंगे।
शासन द्वारा किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उर्वरक प्राप्त करने के लिए “बलराम” मोबाइल एप्लीकेशन लॉन्च किया गया है। किसान अपने मोबाइल के प्ले स्टोर से बलराम एप्लीकेशन डाउनलोड कर उर्वरक प्राप्त करने के लिए ई-टोकन बुक कर सकेंगे। इसके माध्यम से किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाया जाएगा।
कृषि रथ अभियान के दौरान ई-विकास प्रणाली अंतर्गत ई-टोकन उर्वरक वितरण व्यवस्था एवं उर्वरकों के अनुशंसा अनुसार उपयोग का सघन प्रचार-प्रसार किया जाएगा। साथ ही जैविक खेती एवं प्राकृतिक कृषि क्षेत्रों के विस्तार, मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना के प्रचार-प्रसार, एकीकृत पोषक तत्व, कीट एवं रोग प्रबंधन संबंधी जानकारी किसानों को दी जाएगी।
इसके अतिरिक्त कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाने के उपाय, फसल विविधीकरण को बढ़ावा, विभागीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार, प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना, पराली प्रबंधन तथा कृषि अभियांत्रिकी के माध्यम से खरीफ पूर्व खेतों के समतलीकरण संबंधी तकनीकी जानकारी भी किसानों तक पहुंचाई जाएगी।
कृषि रथ के माध्यम से गांव-गांव जाकर किसानों को आधुनिक तकनीकों, वैज्ञानिक खेती एवं शासन की योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, जिससे कृषि उत्पादन में वृद्धि के साथ किसानों की आय बढ़ाने में सहायता मिल सके। इस दौरान पांढुर्णा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मा. अलका एक्का पांढुर्णा नगर पालिका अध्यक्ष श्री संदीप घाटोड़े पांढुर्णा भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष श्री प्रकाश बंटी छांगानी नगर पालिका पार्षद दुर्गेश उईके कृषि विभाग के वरिष्ठ विकास अधिकारी श्री विनोद लोखंडे जी,कृषि विस्तार अधिकारी श्री सुनील गजभिये जी, शिवानी माहौर श्री डी आर तुमडाम , श्री राहुल सरयाम , द्वारा हरी झंडी दिखाकर कृषि कल्याण प्रचार-प्रसार रथ को किया रवाना।









