*पांढुर्णा हलचल न्यूज़ संवाददाता मनोज सातपुते पांढुर्णा*
( आपके आस पास क्षेत्र खबरें एवं विज्ञापन प्रकाशित करने हेतु संपर्क करें.6262250843 )

पांढुर्णा कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशन में मोही घाट क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पांढुर्णा श्रीमती अलका एक्का ने संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मोही घाट स्थित दुर्घटना संभावित (ब्लैक स्पॉट) क्षेत्रों का सूक्ष्म परीक्षण कर सड़क सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस अवसर पर यातायात प्रभारी आकांक्षा सहारे, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अभियंता, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारी श्री रजनीश कुमार एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
संयुक्त दल द्वारा दुर्घटना संभावित स्थानों पर चेतावनी एवं दिशा-सूचक साइन बोर्ड लगाए जाने की कार्यवाही का निरीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सुरक्षा संकेतक, रिफ्लेक्टर, चेतावनी बोर्ड एवं अन्य सड़क सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कहा कि मोही घाट में दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि वाहन चालकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराया जा सके। साथ ही सड़क सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक सुधार कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जाने के निर्देश भी दिए गए।









