*पांढुर्णा हलचल न्यूज़ संवाददाता मनोज सातपुते पांढुर्णा*
( आपके आस पास क्षेत्र खबरें एवं विज्ञापन प्रकाशित करने हेतु संपर्क करें.6262250843)

पांढुर्णा बड़चिचोली पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से गुमशुदा हुई महिला को सकुशल बरामद कर उसके पति के सुपुर्द किया। अंतर्राज्यीय पुलिस समन्वय के माध्यम से महिला की पहचान सुनिश्चित कर पुलिस ने उसे सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार अफगान मोहल्ला, अमरोहा, पुलिस चैकी जट बाजार, थाना कोतवाली अमरोहा, जिला अमरोहा (उत्तर प्रदेश) निवासी फिरोज पति बिलाल अहमद, उम्र 35 वर्ष, 20 अगस्त 2026 से अपने घर से लापता थी। महिला के अचानक घर से चले जाने के बाद परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर थाना कोतवाली अमरोहा में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। अमरोहा पुलिस द्वारा भी महिला की तलाश की जा रही थी।
इसी बीच 31 अगस्त 2026 की रात्रि में ग्राम अंजनगांव में एक महिला के संदिग्ध अवस्था में घूमने की सूचना बड़चिचोली पुलिस को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही चैकी पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से महिला को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया। महिला से उसके घर एवं परिजनों के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया गया, जिसके बाद पुलिस ने उसकी पहचान एवं वास्तविक स्थिति की पुष्टि करने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस से संपर्क किया।
बड़चिचोली पुलिस ने अमरोहा पुलिस से संपर्क कर महिला के संबंध में जानकारी साझा की। जांच के दौरान पुष्टि हुई कि महिला फिरोज ही है, जो 20 अगस्त से अमरोहा जिले से गुमशुदा थी और जिसकी तलाश उसके परिजनों द्वारा की जा रही थी। इसके बाद पुलिस ने महिला के पति बिलाल अहमद का मोबाइल नंबर प्राप्त कर उनसे संपर्क किया तथा उनकी पत्नी के बड़चिचोली चैकी में सुरक्षित होने की जानकारी दी।
पत्नी के सकुशल मिलने की सूचना प्राप्त होने के बाद बिलाल अहमद 1 सितंबर 2026 को चैकी बड़चिचोली पहुंचे। पुलिस द्वारा आवश्यक पहचान एवं तस्दीक की कार्रवाई पूरी की गई। सभी औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद गुमशुदा महिला फिरोज को सकुशल उसके पति बिलाल अहमद के सुपुर्द कर दिया गया।
*पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका*
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी के दिशा-निर्देशन में की गई। चैकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक ओमप्रकाश मालवीय के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक प्रमोद डोंगरे, आरक्षक पंकज शर्मा, आरक्षक अशोक धुर्वे एवं महिला आरक्षक भारती ने सक्रिय भूमिका निभाई।







