*पांढुर्णा हलचल न्यूज़ संवाददाता मनोज सातपुते पांढुर्णा*
( आपके आस पास क्षेत्र खबरें एवं विज्ञापन प्रकाशित करने हेतु संपर्क करें.6262250843 )

पांढुर्णा विकासखंड के ग्राम पंचायत भंदारगोंदी में पिछले दो माह से अधिक समय से सचिव का पद रिक्त होने के कारण पंचायत का कामकाज प्रभावित हो रहा है। पंचायत में स्थायी सचिव अथवा अतिरिक्त प्रभार का सचिव नहीं होने से जहां पंचायत के नियमित कार्यों पर असर पड़ रहा है, वहीं ग्रामीणों को अपने जरूरी कामों के लिए परेशान होकर इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
इस संबंध में सूत्रों एवं ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत भंदारगोंदी में पदस्थ सचिव प्रमोद कलंबे का स्थानांतरण 1 जुलाई 2026 को ग्राम पंचायत बुचनखापा कर दिया गया था। स्थानांतरण के बाद से भंदारगोंदी ग्राम पंचायत में अब तक स्थायी सचिव की नियुक्ति नहीं हो सकी है। वहीं पंचायत के कामकाज को सुचारु रूप से चलाने के लिए अतिरिक्त प्रभार पर भी सचिव की व्यवस्था नहीं की गई है। ऐसे में दो माह से अधिक समय से पंचायत का सचिव पद रिक्त पड़ा है। सचिव के नहीं होने से ग्राम पंचायत स्तर पर होने वाले कई महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों को विभिन्न प्रमाण-पत्रों, शासकीय योजनाओं से संबंधित प्रक्रियाओं, पंचायत के दस्तावेजी कार्यों और अन्य जरूरी कार्यों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पंचायत कार्यालय में नियमित रूप से होने वाली प्रशासनिक प्रक्रिया भी प्रभावित होने की बात सामने आ रही है।
इसके अलावा पंचायत के वित्तीय लेनदेन पर भी असर पड़ा है। पंचायत के विकास कार्यों और अन्य आवश्यक कार्यों से संबंधित प्रक्रियाएं आगे नहीं बढ़ पा रही हैं। सचिव की अनुपस्थिति के कारण ग्रामीणों को अपने छोटे-बड़े कार्यों के लिए बार-बार पंचायत कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। गांव के ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत सचिव ग्राम पंचायत के कामकाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सचिव नहीं होने के कारण जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र सहित पंचायत से जुड़े विभिन्न दस्तावेजी कार्यों, शासकीय योजनाओं और अन्य जरूरी प्रक्रियाओं के लिए उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। कई मामलों में ग्रामीणों को यह जानकारी भी नहीं मिल पा रही है कि उनका काम कब और किस स्तर पर पूरा होगा।
इस संबंध ग्राम पंचायत भंदारगोंदी के सरपंच सुरेंद्र वादिवा ने बताया कि लगभग दो माह से पंचायत में सचिव नहीं है। सचिव के नहीं होने से पंचायत के सभी प्रकार के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत के वित्तीय लेनदेन सहित ग्रामीणों से जुड़े कई जरूरी कार्य प्रभावित हैं। सचिव की व्यवस्था नहीं होने से पंचायत का नियमित कामकाज चलाने में कठिनाई आ रही है।
इस मामले में पांढुर्णा जनपद पंचायत के सीईओ विनय प्रकाश ठाकुर ने बताया कि ग्राम पंचायत भंदारगोंदी में सचिव की व्यवस्था को लेकर उनके द्वारा फाइल जिला सीईओ को भेजी गई है। उन्होंने कहा कि तीन से चार दिन के भीतर ग्राम पंचायत भंदारगोंदी में सचिव उपलब्ध हो जाएगा।







