*पांढुर्णा हलचल न्यूज़ संवाददाता मनोज सातपुते पांढुर्णा*
( आपके आस पास क्षेत्र खबरें एवं विज्ञापन प्रकाशित करने हेतु संपर्क करें.6262250843 )

पांढुर्णा, 05 सितंबर 2026। नांदनवाड़ी स्थित आदिवासी बालक छात्रावास में प्लास्टर कार्य एवं चौकीदारी करने के बाद बकाया भुगतान नहीं मिलने की शिकायत पर श्रम कार्यालय की पहल से श्रमिक को 60 हजार रुपये का भुगतान कराया गया।
प्राप्त शिकायत के अनुसार आवेदक रमाकांत मालोदे द्वारा वर्ष 2024-25 में छात्रावास में प्लास्टर का कार्य 11 एवं 12 रुपये प्रति वर्गफीट की दर से पेटी ठेके पर किया गया था। साथ ही उनके द्वारा चौकीदारी का कार्य भी किया गया था। कार्य पूर्ण होने के लगभग एक वर्ष बाद दिनांक 02 सितंबर 2026 को बकाया भुगतान नहीं मिलने संबंधी शिकायत श्रम कार्यालय को प्राप्त हुई।
शिकायत के संबंध में जांच उपरांत श्रम निरीक्षक सरिता साहू द्वारा दिनांक 04 सितंबर 2026 को उभय पक्षों के मध्य बैठक आयोजित की गई। बैठक में आपसी सहमति बनने के बाद अनावेदक ठेकेदार संदीप दाड़े द्वारा आवेदक रमाकांत मालोदे को बकाया राशि के रूप में 60 हजार रुपये का चेक श्रम कार्यालय में प्रदान किया गया।
श्रम कार्यालय की पहल से श्रमिक को उसका बकाया भुगतान प्राप्त होने पर प्रकरण का निराकरण किया गया।







