*पांढुर्णा हलचल न्यूज़ संवाददाता मनोज सातपुते पांढुर्णा*
( आपके आस पास क्षेत्र खबरें एवं विज्ञापन प्रकाशित करने हेतु संपर्क करें.6262250843 )

पांढुर्णा 9 अक्टूबर 2026 को पांढुर्णा जिले में आगामी नवरात्रि पर्व के दौरान शांति, सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष, पांढुर्णा में कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्व के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग, धार्मिक आयोजनों की व्यवस्था, गरबा स्थलों पर सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने निर्देश दिए कि निर्धारित ध्वनि स्तर का उल्लंघन कर तेज आवाज में डीजे बजाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उल्लंघन की स्थिति में संबंधित डीजे संचालक के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए डीजे जब्त करने की कार्यवाही भी की जाएगी।
*तेज आवाज में डीजे बजाने की शिकायत के लिए सक्रिय होगा व्हाट्सएप नंबर*
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पुलिस विभाग के नियंत्रण कक्ष के माध्यम से एक व्हाट्सएप नंबर सक्रिय किया जाए, जिस पर जिले का कोई भी नागरिक तेज आवाज में डीजे बजाए जाने की शिकायत दर्ज करा सके। प्राप्त शिकायतों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
*धार्मिक आयोजनों में भजन एवं धार्मिक गीतों को प्राथमिकता देने की अपील*
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने नवरात्रि पर्व की धार्मिक महत्ता को ध्यान में रखते हुए आयोजकों से कार्यक्रमों में धार्मिक भजन एवं गीतों को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी आयोजन धार्मिक आस्था, सामाजिक सद्भाव एवं मर्यादा के अनुरूप संपन्न कराए जाएं।
गरबा स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था एवं सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य
बैठक में गरबा एवं नृत्य कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं, बालिकाओं तथा अन्य प्रतिभागियों की सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने आयोजकों को कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा के समुचित प्रबंध करने तथा सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर निगरानी रखी जा सके।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने जिलेवासियों एवं आयोजन समितियों से अपील की कि नवरात्रि पर्व को आपसी सद्भाव, धार्मिक आस्था एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करते हुए पर्व के आयोजनों को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने में सहयोग करें।
बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मनकामना प्रसाद, संयुक्त कलेक्टर सुश्री नेहा सोनी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्रीमती अलका एक्का, नगर पालिका अध्यक्ष श्री संदीप घाटोड़े, शहर के प्रतिष्ठित समाजसेवी श्री उज्ज्वल सिंह चौहान सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार गण उपस्थित रहे।







