पांढुर्णा हलचल न्यूज़ संवाददाता मनोज सातपुते पांढुर्णा

पांढुर्णा जिला कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशन में जिले में पेयजल समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम पंचायत सोन पठार में पानी की समस्या होने पर पीएचई एवं आरडी विभाग के संयुक्त प्रयास से ट्यूबवेल कर उसे फंक्शनल किया गया। ग्राम पंचायत सोन पठार में पेयजल समस्या के कारण ग्रामीणों को दैनिक उपयोग के लिए पानी की परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। समस्या की जानकारी प्राप्त होते ही संबंधित विभागों द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए संयुक्त रूप से कार्य प्रारंभ किया गया। पीएचई विभाग एवं आरडी विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक तकनीकी कार्यवाही करते हुए ट्यूबवेल को पुनः चालू कराया।
ट्यूबवेल के फंक्शनल होने से ग्रामवासियों को अब नियमित रूप से पेयजल उपलब्ध हो सकेगा तथा उनकी लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान हुआ है। स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस पहल को जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया है। पांढुर्णा जिला कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।









