पांढुर्णा हलचल न्यूज़ संवाददाता मनोज सातपुते पांढुर्णा


पांढुर्णा ग्राम काराघाट-कामठी के आंगनवाड़ी केन्द्र में बांटे गए पोषण आहार में मृत सांप निकलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने नाराजगी जताई और वितरण व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। शिकायत के बाद अधिकारियों के निर्देश पर टीम ने गांव पहुंचकर परिवार व ग्रामीणों को समझाईश देकर मामला शांत कराया और जांच के पोषण आहार के सैंपल ले लिए। ग्राम काराघाट कामठी निवासी शेषराव धुर्वे ने बताया कि उनकी पत्नी को योजना के तहत आंगनबाड़ी से पूरक पोषण आहार के आटा-बेसन लड्डू प्रीमिक्स के चार पैकेट मिले थे। तीन पैकेट पहले ही उपयोग में ले लिए। पर शनिवार को अंतिम पैकेट खोलने पर उसमें दो मृत सांप दिखाई दिए। इसकी जानकारी आंगनबाड़ी केन्द्र में दीं और कार्यकर्ता सुभद्रा गजभिए ने एसडीएम अल्का इक्का को वस्तुस्थिति से अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने तत्काल जांच के निर्देश जारी किए। एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार अश्विनी गोहिया और खाद्य विभाग के अधिकारियों ने काराघाट कामठी पहुंचकर पैकेट का अवलोकन किया। ग्रामीणों से चर्चा कर पूरी घटना की जानकारी लेकर समझाईश भी दी गई। घटना को लेकर परिवार के शेषराव धुर्वे व ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। घटना स्थल पर कायटोड आदिवासी समाज संघ जिला अध्यक्ष श्री अजय धुर्वे इस घटना पर कड़ा विरोध जताया कहा कि बच्चों व गर्भवती महिलाओं को वितरित होने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित जांच होनी चाहिए। अधिकारियों ने जांच के लिए पंचनामा कार्रवाई कीं। अधिकारियों के अनुसार संबंधित खाद्य सामग्री के सैंपल परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भोपाल भेजे जा रहे है।









