*पांढुर्णा हलचल न्यूज़ संवाददाता मनोज सातपुते पांढुर्णा*
( आपके आस पास क्षेत्र खबरें एवं विज्ञापन प्रकाशित करने हेतु संपर्क करें.6262250843 )

पांढुर्णा सौसर मध्यप्रदेश के सुप्रसिद्ध और चमत्कारिक श्री हनुमान मंदिर, जामसांवली धाम (हनुमान लोक) में आज श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। भारतीय जनता पार्टी, मध्यप्रदेश की प्रदेश महामंत्री और सागर लोकसभा क्षेत्र की लोकप्रिय सांसद लता वानखेड़े ने अपने परिजनों के साथ धाम पहुंचकर संकटमोचन हनुमान जी के दर्शन किए। उन्होंने मंदिर में विधि-विधान और मंत्रोच्चार के बीच श्री मूर्ति की विशेष पूजा-अर्चना की और गदाधारी मारुति नंदन से देश, प्रदेश तथा क्षेत्र की जनता की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उन्नति के लिए प्रार्थना करते हुए आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस पावन और गरिमामयी अवसर पर उनके साथ विजया शेषराव यादव भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं, जिन्होंने भगवान के दरबार में मत्था टेका।
स्मृति चिह्न भेंट कर किया गया आत्मीय सम्मान
सांसद लता वानखेड़े के जामसांवली धाम आगमन पर मंदिर प्रबंधन समिति और स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा उनका भव्य और आत्मीय स्वागत किया गया।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष एवं मंदिर ट्रस्टी संदीप मोहोड़,संस्थान के अध्यक्ष गोपाल शर्मा,संस्थान के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) वीरेंद्र भट्ट,जिला उपाध्यक्ष रामकृष्ण वाकोडे ने सांसद महोदया को शॉल-श्रीफल और जामसांवली सरकार की अलौकिक व चमत्कारिक श्री मूर्ति की सुंदर प्रतिकृति (स्मृति चिह्न) भेंट कर उनका अभिनंदन व सम्मान किया।
‘हनुमान लोक’ की भव्यता की सराहना की
दर्शन के उपरांत मीडिया और उपस्थित पदाधिकारियों से चर्चा करते हुए सांसद लता वानखेड़े ने कहा कि जामसांवली धाम आकर मन को असीम शांति और सकारात्मक ऊर्जा की अनुभूति होती है। यहाँ विराजित हनुमान जी की प्रतिमा अत्यंत चमत्कारी है और करोड़ों भक्तों की आस्था का केंद्र है। उन्होंने भव्यता से आकार ले रहे ‘हनुमान लोक’ के विकास कार्यों की भी सराहना की और कहा कि यह स्थान आने वाले समय में धार्मिक पर्यटन और सनातन संस्कृति का एक बड़ा केंद्र बनकर उभरेगा।
इस अवसर पर मंदिर के पुजारी, स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता, ट्रस्ट के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।









