पांढुर्णा हलचल न्यूज़ संवाददाता मनोज सातपुते पांढुर्णा*
( आपके आस पास क्षेत्र खबरें एवं विज्ञापन प्रकाशित करने हेतु संपर्क करें.6262250843 )

पांढुर्णा जिला कलेक्टर ने 25 सितंबर 2026 जन-विश्वास अभियान के तहत चिखलीमुनासा में शिविर आयोजित कर ग्रामीणों से मुलाकात कर सीधा संवाद किया।
आयोजित शिविर में ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर के समक्ष राशन, पेयजल, सड़क, आवास, फसल क्षति एवं सर्वे, वृद्धावस्था पेंशन, छात्रवृत्ति, भूमि संबंधी प्रकरण, नाली निर्माण, आधार कार्ड सहित विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। राशन की समस्या के संबंध में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि ग्रामीणों की सुविधा के लिए दो दिवस का राशन वितरण केंद्र संचालित कर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
ग्रामीणों द्वारा गांव में बच्चों के झुलसने की जानकारी दिए जाने पर कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों को निर्देशित किया कि संबंधित बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक उपचार सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने ऐसे बच्चों की भी जानकारी प्राप्त करने के निर्देश दिए, जिनके माता-पिता नहीं हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गांव-गांव जाकर सर्वे करने तथा ऐसे बच्चों को आवश्यक देखरेख एवं शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
चिखली ढाना में पेयजल समस्या के संबंध में भी ग्रामीणों ने अपनी बात रखी। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को स्थल का निरीक्षण कर पेयजल की समस्या के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
शासकीय कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर जीआरएस श्री यादव राव उइके को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार मकान के अवैध रूप से आगे बढ़ाए गए निर्माण तथा संबंधित सर्वे कार्य में लापरवाही के मामले में सरपंच एवं संबंधित जिम्मेदारों को नोटिस जारी करने के निर्देश कलेक्टर ने दिए।
शिविर के दौरान ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का लाभ मिलने की स्थिति की जानकारी भी ली गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ग्रामीणों द्वारा बताई गई प्रत्येक समस्या का परीक्षण कर पात्रतानुसार निराकरण सुनिश्चित करें तथा इसकी जानकारी संबंधित आवेदकों को भी उपलब्ध कराएं।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पांढुर्णा श्रीमती अलका एक्का सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







