*पांढुर्णा हलचल न्यूज़ संवाददाता मनोज सातपुते पांढुर्णा*
( आपके आस पास क्षेत्र खबरें एवं विज्ञापन प्रकाशित करने हेतु संपर्क करें.6262250843 )

पांढुर्णा जिला कांग्रेस कमेटी पांढुर्णा द्वारा बुधवार को विभिन्न मुद्दों को लेकर राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन सौंपने से पहले कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पारडी रोड स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय से मुख्य मार्ग होते हुए अंबिका चौक तक रैली निकाली। रैली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ अपनी मांगें उठाईं।
ज्ञापन में कांग्रेस ने मुख्य रूप से चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और पांढुर्णा जिले में अल्प वर्षा से किसानों को हुए नुकसान का मुद्दा उठाया। कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर सामने आई रिपोर्ट का हवाला देते हुए मामले की स्वतंत्र जांच की मांग की। रिपोर्ट के अनुसार चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में चुनाव आयोग के विभिन्न निर्णयों को लेकर कम से कम 14 बार औपचारिक आपत्ति दर्ज की थी। इनमें मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और मतदाता डेटा के प्रबंधन से जुड़े निर्णय शामिल थे।
कांग्रेस ने ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के निर्णयों और कार्यप्रणाली की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की। पार्टी ने उन्हें पद से हटाने के साथ इस्तीफा और गिरफ्तारी की मांग भी रखी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा उठाए गए ‘वोट चोरी’ अभियान के तहत चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े सवाल लगातार सामने आ रहे हैं। हालांकि चुनाव आयोग की ओर से इन रिपोर्टों पर कहा गया है कि आयोग के भीतर अलग-अलग राय, लिखित टिप्पणियां और सुझाव सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा हैं तथा प्रमुख निर्णय तीनों चुनाव आयुक्तों की सहमति से लिए गए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता जरूरी है। इसलिए जिन मामलों में आयोग के भीतर आपत्तियां दर्ज होने की बात सामने आई है, उनकी स्वतंत्र जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए। ज्ञापन में पांढुर्णा जिले के किसानों की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस वर्ष जिले में अत्यंत कम बारिश होने से खरीफ फसल प्रभावित हुई है। कई खेतों में फसल खराब होने के साथ जमीन में दरारें पड़ गई हैं। किसानों के सामने आर्थिक संकट की स्थिति निर्मित हो गई है।
कांग्रेस ने सरकार से पांढुर्णा जिले को तत्काल सूखाग्रस्त घोषित करने, प्रभावित किसानों का संपूर्ण कृषि ऋण माफ करने तथा प्रति एकड़ उचित मुआवजा देने की मांग की। नेताओं ने कहा कि फसल नुकसान का तत्काल सर्वे कराकर किसानों को राहत राशि उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि आगामी कृषि सीजन के लिए किसान आर्थिक रूप से तैयार हो सकें। ज्ञापन से पहले निकाली गई रैली में जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, महिला नेत्रियां, युवा नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने विभिन्न नारे लगाते हुए अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। अंबिका चौक पहुंचने के बाद कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और इसके बाद राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष जतन उईके, सौसर विधायक विजय चौरे, पांढुर्णा विधायक नीलेश उईके, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष विलास डोगरे, विधानसभा युवक कांग्रेस अध्यक्ष बंटी ठाकुर, मध्यप्रदेश से पांढुर्णा प्रभारी हेमेंद्र वागद्रे, सह प्रभारी सुरेश कपाले, पूर्व विधायक सुरेश झलके, विजय चौधरी, नगर पालिका उपाध्यक्ष ताहिर पटेल, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता श्री पीटू अमोल धर्माधिकारी, महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष नेहा जोगी, नादनबाड़ी कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रवि खापरे, जनपद पंचायत अध्यक्ष लता तुमड़ाम ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम में जिला, ब्लॉक और नगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, विभिन्न आनुषंगिक संगठनों के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता, युवा नेता, महिला नेत्रियां, पार्षद और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसानों को राहत दिलाने और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर पार्टी आगे भी अपनी आवाज उठाती रहेगी।







